Bharat Express DD Free Dish

तिहाड़ जेल में नाले में डूबने से हत्या के मामले में सजा काट रहे दो कैदियों की मौत, सफाई का काम कर रहे थे मृतक

Tihar Jail: तिहाड़ जेल में आज दो कैदियों की मौत हो गई. दोनों मृतक कैदी हत्या की सजा काट रहे थे. बताया जा रहा है कि दोनों को बरसाती नाले की सफाई का काम दिया गया था. सफाई के दौरान ही दोनों का पैर फिसल गया और वो नाले में डूब गए.

Tihar Jail

Tihar Jail: दिल्ली के तिहाड़ जेल में आज दो कैदियों की मौत हो गई. दोनों मृतक कैदी हत्या की सजा काट रहे थे. बताया जा रहा है कि दोनों को बरसाती नाले की सफाई का काम दिया गया था. सफाई के दौरान ही दोनों का पैर फिसल गया और वो नाले में डूब गए. ये घटना सुबह 8 बजे के करीब जेल नंबर 8 में हुई है. फिलहाल इस मामले में दो अधिकारियों और एक हवलदार को सस्पेंड कर दिया गया है.

सूत्रों के अनुसार इस मामले में जान गंवाने वाले मृतक कैदियों की पहचान अमित और विनय कुमार के रूप में हुई है. दोनों कैदियों को बरसाती नाले की सफाई का जिम्मा दिया गया था. सूत्रों के अनुसार इस काम के लिए दोनों कैदियों को ऐसा कोई लिखित आदेश या रिकॉर्ड नहीं दिया गया था, कि उन्हें सफाई का काम सौंपा गया हो. फिलहाल जांच चल रही है कि क्या वे खुद ही घटनास्थल पर गए थे या फिर एक दूसरे को बचाने के चक्कर में पैर फिसल गया और वो नाले में डूब गए.

दोनों पाये गए थे नाले में बेहोश

बताया जा रहा है कि दोनों नाले में बेहोश पाये गए थे. जिसके बाद दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने चेक कर उनको मृत घोषित कर दिया. दोनों को हत्या के मामले में अदालत के द्वारा दोषी ठहराया गया था.

ये भी पढ़ें- 28 साल का ब्रेक खत्म, ‘बुलेट’ से एक्टिंग की दुनिया में लौट रहीं हैं एक्ट्रेस डिस्को शांति श्रीहरि

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. वहीं जेल प्रशासन ने भी किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही का पता लगाने के लिए विभागीय जांच के आदेश दिये हैं. सूत्रों ने बताया कि तीन अधिकारियों जिसमें डिप्टी सुपरिटेंडेंट, असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट और एक हवलदार को इस मामले में जांच तक सस्पेंड कर दिया गया है.

फिलहाल जांच अधिकारी जेल के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रहे हैं. घटना के समय मौजूद अन्य कैदियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ चल रही है.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read