रिपोर्ट- यश
फतेहपुर के असोथर थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. टीकर गांव में मंगलवार की रात एक किसान की बेरहमी से हत्या कर दी गई. धारदार हथियार से गला रेतकर हुई इस वारदात ने गांव में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है.
क्या है पूरा मामला?
घटना टीकर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय रामसुमेर उर्फ प्यारे सिंह की है. रोज की तरह मंगलवार की रात करीब 8 बजे रामसुमेर ने परिवार के साथ खाना खाया और सोने के लिए अपने ट्यूबवेल पर चले गए. घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित इस ट्यूबवेल पर वह अक्सर रात बिताते थे. बुधवार की सुबह जब 8-9 बजे तक भी वह घर नहीं लौटे, तो परिवार वालों को फिक्र होने लगी.
परेशान होकर घरवालों ने बच्चों को ट्यूबवेल पर भेजा. वहां जाकर देखा तो बाहर से ताला लटका हुआ था. वापस लौटते वक्त उनकी बेटी की नजर पास के ही अरहर के खेत पर पड़ी, जहां खून से लथपथ एक लाश पड़ी थी. पास जाकर देखा तो वह कोई और नहीं बल्कि उसके पिता रामसुमेर ही थे. उनकी गर्दन किसी धारदार हथियार से काटी गई थी. चीखती-चिल्लाती बच्ची जब घर पहुंची और सबको बताया, तो पूरे गांव में कोहराम मच गया.
पुलिस के सामने चुनौती
इस मर्डर मिस्ट्री में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल से रामसुमेर का मोबाइल फोन गायब है. परिजनों का कहना है कि फोन लगातार बंद आ रहा है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह लूटपाट के इरादे से की गई हत्या है या फिर इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या गहरी साजिश है?
पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. शुरुआती जांच में पुलिस हर उस पहलू को खंगाल रही है जिससे कातिलों तक पहुंचा जा सके. डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से सबूत जुटाए हैं, लेकिन अब तक हत्या की ठोस वजह सामने नहीं आई है.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रामसुमेर अपने परिवार के इकलौते सहारा थे. उनके पीछे पत्नी रेनू सिंह, दो बेटियां और दो छोटे बेटे हैं. बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटे बेटे अभी महज 6 साल के हैं. उनका छोटा भाई कानपुर में रहता है, जो इस खबर के मिलते ही गांव के लिए निकल पड़ा है. घर में रामसुमेर की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी इस बात से हैरान हैं कि आखिर एक साधारण से किसान की किसी से क्या दुश्मनी हो सकती है?
पुलिस का क्या कहना है?
इस मामले पर जिले के कप्तान अनूप सिंह ने बताया कि पुलिस की कई टीमें इस केस को सुलझाने में लगी हैं. संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और मोबाइल लोकेशन के जरिए भी सुराग तलाशने की कोशिश हो रही है. उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे.
ये भी पढ़ें: अमृतसर में लोहड़ी की खुशियां मातम में बदलीं, अलाव की एक चिंगारी ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

