TMC rebellion: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस लगातार टूटती जा रही है. विधानसभा में पहले ही 58 विधायक अलग होकर नया गुट बना चुके हैं और अब पार्टी की संसदीय इकाई भी बिखरने की कगार पर है.
दिल्ली का रुख कर रहे सांसद
सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा के कई सांसद दिल्ली पहुंच चुके हैं और बाकी भी शाम तक आ सकते हैं. बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में एकजुट हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि 28 लोकसभा सांसदों में से करीब 20 उनके साथ खड़े हैं.
नामचीन चेहरे दूरी बना रहे
जून माल्या, दीपक अधिकारी (देव), यूसुफ पठान, शताब्दी रॉय, रचना बनर्जी, शत्रुघ्न सिन्हा और पार्थ भौमिक जैसे कई सांसद पार्टी कार्यक्रमों से दूरी बना रहे हैं. कुछ सांसद तो अपने सरकारी आवास छोड़कर दिल्ली के होटलों में ठहरे हुए हैं.
ममता और अभिषेक का दिल्ली दौरा
इसी बीच अभिषेक बनर्जी दिल्ली पहुंच चुके हैं और ममता बनर्जी भी जल्द ही यहां आएंगी. सोमवार को दोनों इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे. राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उसी दिन संसदीय पार्टी में बड़ी फूट हो सकती है.
राज्यसभा में भी हलचल
राज्यसभा के 13 सांसदों में से 9 बगावत के मूड में बताए जा रहे हैं. डेरेक ओ’ब्रायन, डोला सेन, मेनका गुरुस्वामी, सागरिका घोष और समीरुल इस्लाम ही ममता के साथ बने रह सकते हैं. वहीं, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार और बाबुल सुप्रियो भी बागी गुट से संपर्क में बताए जा रहे हैं.
नया ब्लॉक बनाने की तैयारी
सूत्रों का कहना है कि बागी सांसद लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर अभिषेक बनर्जी को नेता पद से हटाने की योजना बना रहे हैं. उनका मकसद लोकसभा में नया तृणमूल ब्लॉक बनाना है, जैसा विधानसभा में हुआ था.
ये भी पढ़ें-सूरत में 100 घरों की रहस्यमयी तोड़फोड़, नगर निगम ने जिम्मेदारी से किया इनकार
बीजेपी का रुख
बीजेपी ने साफ कर दिया है कि फिलहाल वे किसी भी तृणमूल सांसद को पार्टी में शामिल नहीं करेंगे. ऐसे में बागी सांसदों को अलग ब्लॉक बनाना होगा लेकिन इसके लिए उन्हें एंटी-डिफेक्शन कानून से बचने के लिए दो-तिहाई सांसदों का समर्थन जुटाना होगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


