TMC rebellion: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद अब तृणमूल कांग्रेस की संसदीय पार्टी में भी टूट की तस्वीर साफ होती जा रही है. सोमवार को पार्टी के बागी सांसदों ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के घर पर बैठक की. इस बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे.
लोकसभा अध्यक्ष को पत्र
बैठक के बाद वरिष्ठ सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र सौंपा. इस पत्र पर 20 सांसदों के हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं. काकोली ने दावा किया कि वे लोकसभा में अलग गुट बनाना चाहते हैं.
एनडीए में शामिल होने का इरादा
पत्र में साफ लिखा गया है कि ये सांसद सीधे बीजेपी में नहीं जा रहे, बल्कि एनडीए का हिस्सा बनना चाहते हैं. यानी वे तृणमूल से अलग होकर एक स्वतंत्र संसदीय समूह के रूप में एनडीए में शामिल होंगे. अगर स्पीकर इस पत्र को मान्यता देते हैं, तो तृणमूल की संसदीय पार्टी टूट जाएगी.
ममता बनर्जी दूसरी बैठक में
दिल्ली में जब ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल थीं, उसी समय बागी सांसदों ने स्पीकर को पत्र देकर अलग होने का ऐलान कर दिया. पत्र सोमवार दोपहर 12:53 बजे जमा किया गया.
28 में से 20 सांसदों का समर्थन
लोकसभा में टीएमसी के कुल 28 सांसद हैं. काकोली ने बताया कि इनमें से 20 सांसदों ने पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं. सूत्रों के मुताबिक, लिस्ट में काकोली घोष दस्तीदार, प्रसून बनर्जी, पार्थ भौमिक, शर्मिला सरकार, असित माल, जगदीश बसुनिया, कालीपद सोरेन, अरूप चक्रवर्ती, रचना बनर्जी और देव जैसे नाम शामिल हैं.
सुखेंदु शेखर का इस्तीफा
इससे पहले राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने पद से इस्तीफा देकर पार्टी को बड़ा झटका दिया था. अब लोकसभा में भी टूट की स्थिति बन गई है.
मुख्य सचेतक का विवाद
काकोली ने पत्र मुख्य सचेतक के तौर पर जमा किया. हालांकि ममता बनर्जी ने कुछ दिन पहले उन्हें इस पद से हटाकर कल्याण बनर्जी को नियुक्त किया था. काकोली का कहना है कि लोकसभा का सत्र न होने की वजह से यह बदलाव रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हुआ है, इसलिए वे खुद को अभी भी मुख्य सचेतक मानती हैं.
ये भी पढ़ें-दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक खत्म, पांच मुद्दों पर बनी सहमति, हैदराबाद में अगली बैठक
विधानसभा में पहले ही दरार
विधानसभा चुनाव के बाद टीएमसी विधायकों में भी बगावत हो चुकी है. ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में 58 विधायकों ने अलग गुट बनाने का दावा किया था, जिसे स्पीकर ने मान्यता भी दे दी. अब सांसदों की टूट से साफ है कि पार्टी के भीतर संकट और गहरा गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


