Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी में भीषण ट्रेन हादसा, कम से कम 15 लोगों की मौत और 60 घायल

जानकारी के अनुसार, उत्तर बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से लगभग 30 किलोमीटर दूर रंगापानी स्टेशन के पास ही मालगाड़ी के इंजन द्वारा पीछे से टक्कर मारे जाने के कारण अगरतला से आने वाली 13174 कंचनजंघा एक्सप्रेस ट्रेन के तीन डब्बे पटरी से उतर गए.

Train Accident

न्यू जलपाईगुड़ी में ट्रेन हादसा

पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी में सोमवार सुबह हुए भीषण ट्रेन हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 60 लोग घायल हो गए. अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.

उत्तर बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से लगभग 30 किलोमीटर दूर रंगापानी स्टेशन के पास ही मालगाड़ी के इंजन द्वारा पीछे से टक्कर मारे जाने के कारण अगरतला से आने वाली 13174 कंचनजंघा एक्सप्रेस ट्रेन के तीन डब्बे पटरी से उतर गए.

भीषण टक्कर के कारण कंचनजंघा एक्सप्रेस के पीछे के दो डिब्बे तुरंत ही पटरी से उतर गए, जबकि एक अन्य डिब्बा मालगाड़ी के इंजन के ऊपर चढ़ गया था. अधिकारी ने कहा कि खराब मौसम की वजह से बचाव कार्य में परेशानी उत्पन्न हो रही है.

एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने बताया कि मृतकों में मालगाड़ी का पायलट और सह-पायलट भी शामिल है. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया जा रहा है.

इस दुर्घटना ने एक वर्ष पहले ओडिशा के बहनागा बाजार के निकट हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस दुर्घटना की यादों को ताजा कर दिया है. इस हादसे में लगभग 300 लोग मारे गए थे तथा 1,000 से अधिक लोग घायल हुए थे.

प्रधानमंत्री ने दुख जताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल साइट X पर पोस्ट में कहा, ‘पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना दुखद है. जिन लोगों ने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है.’

उन्होंने आगे कहा, ‘मैं प्रार्थना करता हूं कि हादसे में घायल हुए लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. मैंने अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया. प्रभावितों का सहायता के लिए बचाव अभियान जारी है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं.’

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी में हुए ट्रेन हादसे में मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है. इसकी घोषणा रेल मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिये दी है.

उन्होंने लिखा, ‘पीड़ितों को बढ़ी हुई अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी- मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये और गंभीर रूप से चोटिल को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50,000 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.’

सीएम ममता ने एक्स पर किया पोस्ट

‘अभी-अभी दार्जिलिंग जिले के फांसिदेवा इलाके में एक दुखद रेल दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध हूं. विस्तृत जानकारी का इंतजार है. बताया जा रहा है कि कंचनजंगा एक्सप्रेस एक मालगाड़ी से टकरा गई है. डीएम, एसपी, डॉक्टर, एम्बुलेंस और आपदा दल बचाव, बचाव और चिकित्सा सहायता के लिए घटनास्थल पर पहुँच गए हैं। युद्ध स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.’

एक अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल सीवी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राहत कार्यों का निरीक्षण करने और घायलों से मिलने के लिए बाद में रेल दुर्घटना स्थल का दौरा करेंगे.
इस बीच, रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि कंचनजंघा एक्सप्रेस ने बाकी यात्रियों को लेकर अप्रभावित डिब्बों के साथ कोलकाता के लिए अपनी यात्रा शुरू कर दी है.
पूर्वी रेलवे के सीपीआरओ कौशिक मित्रा ने संवाददाताओं को बताया, ‘ट्रेन दुर्घटना स्थल से दोपहर करीब 12:40 बजे रवाना हुई और इसके रात आठ बजे सियालदह पहुंचने की उम्मीद है.’

सिग्नल की अनदेखी

शुरुआती खबरों से पता चला है कि मालगाड़ी के लोको पायलट ने शायद सिग्नल की अनदेखी की होगी. हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि सिग्नलिंग सिस्टम में कोई समस्या थी या नहीं या इस बात का कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है कि एक ही ट्रैक पर दो ट्रेनें एक-दूसरे के इतने करीब कैसे आ गईं.

रेल सेवाएं प्रभावित

दुर्घटना के कारण उत्तर बंगाल और देश के पूर्वोत्तर भाग से लंबी दूरी की रेल सेवाएं प्रभावित हुईं. कोलकाता में पूर्वी रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर पटरियां अवरुद्ध होने के कारण लंबी दूरी की कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर उन्हें उनके सामान्य मार्ग के बजाय सिलीगुड़ी-बागडोगरा-अलुआबारी क्षेत्र से गुजारा जा रहा है.

अधिकारियों ने बताया कि जिन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है उनमें गुवाहाटी-सरायघाट एक्सप्रेस, गुवाहाटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस, एनजेपी-हावड़ा वंदे भारत, कामरूप एक्सप्रेस और उत्तरबंगा एक्सप्रेस शामिल हैं.

राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित यात्रियों के परिवहन के लिए आपातकालीन आधार पर क्षेत्र से अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू की जा रही हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital