Bharat Express DD Free Dish

Twisha Sharma केस में नया मोड़: ‘टाइम ट्रेवल’ कर गया CCTV! 2 दिन, 2 घंटे और 20 मिनट पीछे की मिस्ट्री क्या?

Twisha Sharma Case Update: ट्विशा शर्मा मौत मामले में CCTV सिस्टम को लेकर नया खुलासा हुआ है. इंस्टॉलर विनोद वाणी ने दावा किया कि कैमरों में समय की गड़बड़ी तकनीकी खराबी और सर्विसिंग न होने की वजह से थी, न कि किसी छेड़छाड़ के कारण.

Twisha Sharma Case

Twisha Sharma Case Update: ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच के बीच पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के घर पर लगे सीसीटीवी सिस्टम को लेकर नया खुलासा हुआ है. सीसीटीवी इंस्टॉलर विनोद वाणी ने दावा किया कि कैमरों में दिख रहा गलत समय किसी छेड़छाड़ का नतीजा नहीं, बल्कि सॉफ्टवेयर की तकनीकी खराबी थी. उनके अनुसार सिस्टम “2 दिन, 2 घंटे और 20 मिनट” पीछे चल रहा था.

2023 में लगाया गया था सीसीटीवी सिस्टम

विनोद वाणी ने बताया कि उन्होंने साल 2023 में गिरिबाला सिंह के घर पर आठ कैमरों वाला सीसीटीवी सिस्टम लगाया था. 12 मई की घटना के बाद उन्हें फोन आया, लेकिन शुरुआत में उन्हें मामले की गंभीरता का अंदाजा नहीं था. उन्हें लगा कि शायद चोरी या फुटेज निकालने से जुड़ा कोई सामान्य मामला होगा.

उन्होंने कहा कि 13 मई को गिरिबाला सिंह ने दोबारा संपर्क किया, लेकिन उस समय वह खुद वहां नहीं पहुंच सके. इसके बाद उन्होंने अपने कर्मचारी रोहित विश्वकर्मा को सिस्टम जांचने के लिए भेजा.

पुलिस को सौंपी गई पूरी रिकॉर्डिंग

रोहित के मौके पर पहुंचने तक घर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे. विनोद वाणी के अनुसार, उनके कर्मचारी ने पुलिस को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक की रिकॉर्डिंग दिखाई. उन्होंने साफ कहा कि रिकॉर्डिंग में किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं हुई है और पूरा डेटा सुरक्षित है.

वाणी ने बताया कि सिस्टम में करीब एक टेराबाइट रिकॉर्डिंग जमा थी. उनका कहना है कि समय की गड़बड़ी इसलिए हुई क्योंकि सॉफ्टवेयर समय पर अपडेट नहीं किया गया था. अगर नियमित अपडेट और सर्विसिंग होती रहती, तो यह समस्या सामने नहीं आती.

घटना के बाद लगाया गया नया सिस्टम

सीसीटीवी उपकरण और पुरानी रिकॉर्डिंग पुलिस द्वारा जब्त किए जाने के बाद घर में नया सिस्टम लगाया गया. विनोद वाणी ने बताया कि घटना के करीब दो दिन बाद नया सेटअप तैयार किया गया, ताकि आगे की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके.

वहीं, रोहित विश्वकर्मा ने भी पुष्टि की कि रिकॉर्डिंग सिस्टम में समय संबंधी दिक्कत सर्विसिंग न होने की वजह से आई थी, न कि किसी जानबूझकर की गई छेड़छाड़ के कारण.

क्या है ट्विशा शर्मा का पूरा मामला?

भोपाल में मॉडल और पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा एक जर्मन कंपनी में कम्युनिकेशन प्रोफेशनल के तौर पर काम करती थीं. साल 2024 में उनकी मुलाकात डेटिंग ऐप के जरिए भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे रिश्ते में बदली और परिवार की सहमति के बाद दिसंबर 2025 में शादी हो गई. शादी के बाद ट्विशा भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में रहने लगीं. समर्थ की मां गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज हैं.

ट्विशा के परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी. परिवार का कहना है कि दहेज की मांग, गर्भावस्था से जुड़ी परेशानियों और घरेलू तनाव की वजह से वह काफी परेशान थीं.


ये भी पढ़ें: NEET पेपर लीक पर आर-पार! Cockroach Janta Party का अल्टीमेटम, फाउंडर बोले- शिक्षा मंत्री छोड़ें अपनी कुर्सी


परिजनों के मुताबिक, 12 मई की रात मौत से कुछ घंटे पहले ट्विशा ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहतीं. उन्होंने यह भी कहा था कि उन्होंने गर्भपात करवा लिया है और नोएडा लौटने के लिए फ्लाइट टिकट बुक कराने को कहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और 6 सदस्यीय एसआईटी गठित की है, जो हर पहलू की जांच कर रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read