‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (Cockroach Janta Party) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पेज बनाए जाने के सिर्फ 7 दिन बाद अपनी पहली याचिका (पिटीशन) सामने रखी है. इस याचिका में उन्होंने NEET परीक्षा पेपर लीक (NEET paper leak 2026) मामले को लेकर बड़ा सवाल उठाया है और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है. अभिजीत दीपके का कहना है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है, इसलिए इस पूरे मामले की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और शिक्षा मंत्री को पद छोड़ना चाहिए.
शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फाउंडर अभिजीत दीपके ( Abhijit Deepke) ने X (ट्विटर) पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि वे एक नई पिटीशन शुरू कर रहे हैं. इस पिटीशन में उन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है. अभिजीत दीपके ने लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस पिटीशन पर साइन करें, ताकि सिस्टम की खामियों और गलतियों पर सवाल उठाया जा सके.
X अकाउंट भी हुआ बंद
इससे पहले 21 मई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) का ‘X’ अकाउंट बंद कर दिया गया था. उस समय इस अकाउंट पर 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. अकाउंट बंद होने के बाद संगठन ने तुरंत नया X अकाउंट बनाया, जिसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया. इसके बायो में लिखा गया, “कॉकरोच डोंट डाय”, यानी कॉकरोच मरते नहीं हैं.
नए अकाउंट से पहली पोस्ट गुरुवार दोपहर 2:29 बजे की गई थी. शुक्रवार दोपहर 1 बजे तक इस नए अकाउंट पर 1.50 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुड़ चुके थे. इसके अलावा अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट को भी हैक करने की कोशिश की गई है.
CJP की वेबसाइट पर क्या-क्या है?
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने अपनी वेबसाइट पर खुद को एक राजनीतिक पार्टी बताया है. संगठन का कहना है कि यह उन लोगों की आवाज है जिन्हें व्यवस्था में अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है. वेबसाइट पर लिखा है कि पार्टी की 5 मांगें हैं और इसके पीछे कोई स्पॉन्सर नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा और जिद्दी समूह है.
CJP की वेबसाइट पर मैनिफेस्टो, विजन, पात्रता (एलिजिबिलिटी) और संपर्क (कॉन्टैक्ट) जैसे सेक्शन भी दिए गए हैं. पार्टी खुद को आलसी और बेरोजगार लोगों की आवाज भी बताती है. इसका नारा है, सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी. पार्टी में शामिल होने के लिए चार शर्तें भी बताई गई हैं- बेरोजगार होना, आलसी होना, हमेशा ऑनलाइन रहना और एबिलिटी टू रैंट प्रोफेशनली.
ये भी पढ़ें: ऐसा कैसे? भारत के 22 शहरों में 22 मई को सबसे ज्यादा गर्मी, टेंपरेचर जानकर भन्ना जाएगा माथा! 50°C पर पका लेंगे खाना
CJI के बायन से शुरू हुआ विवाद
15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका पर सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने युवाओं को लेकर एक टिप्पणी की थी. लाइव लॉ की रिपोर्ट के अनुसार, CJI सूर्यकांत ने कहा था कि “कॉकरोच की तरह कुछ युवा ऐसे हैं, जिन्हें इस पेशे में रोजगार नहीं मिल पा रहा है. इनमें से कुछ मीडिया में, कुछ सोशल मीडिया पर और कुछ RTI व अन्य एक्टिविस्ट के रूप में काम कर रहे हैं. ये लोग हर किसी पर सवाल उठाने लगते हैं.”
इस टिप्पणी के अगले ही दिन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक डिजिटल पहल शुरू की गई. बाद में जब इस बयान पर विवाद बढ़ा तो CJI सूर्यकांत ने सफाई दी और कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


