Bharat Express DD Free Dish

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान गिरी तीन मंजिला इमारत, भरभराकर ढहते मकान को देख सहम गए लोग

उज्जैन के गेबी हनुमान मंदिर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक जर्जर तीन मंजिला मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गया. गनीमत रही कि नगर निगम ने पहले ही इमारत को चिह्नित कर खाली करा लिया था.

Ujjain News, Building Collapse, Madhya Pradesh

Ujjain Building Collapse: मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ढाबा रोड इलाके में एक तीन मंजिला पुरानी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई. यह वाकया गेबी हनुमान मंदिर के पास का है, जहां प्रशासन की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा था. देखते ही देखते भारी-भरकम मकान मलबे में तब्दील हो गया, जिसे देख आसपास खड़े लोगों के हाथ-पांव फूल गए. राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ है.

प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

दरअसल, उज्जैन नगर निगम इन दिनों शहर की सड़कों को चौड़ा करने की मुहिम चला रहा है. इसी कड़ी में ढाबा रोड पर पुराने और जर्जर हो चुके मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही थी. नगर निगम के उप आयुक्त संतोष टैगोर ने बताया कि इलाके के कई मकान काफी साल पुराने और कमजोर स्थिति में हैं. प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से इन इमारतों को पहले ही चिह्नित कर लिया था और कार्रवाई शुरू करने से पहले ही इन्हें पूरी तरह खाली करा लिया गया था.

जब शनिवार को टीम इस तीन मंजिला मकान को तोड़ने का काम कर रही थी, तभी जर्जर ढांचा अचानक अपना संतुलन खो बैठा और भरभराकर नीचे गिर गया. चूंकि मकान पहले से खाली था, इसलिए एक बड़ा जानी नुकसान होने से बच गया.

ये भी पढ़ें- नागपुर में भारी हड़कंप: RSS मुख्यालय से महज 2 किमी दूर मिला विस्फोटकों का जखीरा, 15 जिलेटिन स्टिक और 50 डेटोनेटर बरामद!

इलाके में फैली सनसनी

भले ही प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजाम किए थे, लेकिन जिस तरह से तीन मंजिला इमारत जमींदोज हुई, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. धूल का गुबार और मलबे की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए. स्थानीय निवासियों के बीच कुछ देर के लिए डर का माहौल बन गया था कि कहीं मलबे के नीचे कोई दब तो नहीं गया. हालांकि, नगर निगम की टीम ने तुरंत स्थिति को संभाला और स्पष्ट किया कि वहां कोई मौजूद नहीं था.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read