Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए घातक आतंकी हमले ने भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय संबंधों को तनावपूर्ण बना दिया है. इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि “सैन्य समाधान कोई समाधान नहीं है.”
सोमवार, 2 मई को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुटेरेस ने कहा, “स्पष्ट रूप से कहूं, सैन्य समाधान कोई हल नहीं है. मैं दोनों देशों की सरकारों को शांति के लिए अपनी सेवाएं देने को तैयार हूं.”
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कहे जाने वाले पहलगाम में हुआ हमला, जिसमें 26 लोगों की जान गई, 2019 के पुलवामा हमले के बाद भारत का सबसे घातक आतंकी हमला है. इस हमले का संबंध पाकिस्तान समर्थित आतंकी समूहों से जोड़ा जा रहा है.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने क्या कहा?
पाकिस्तान के अनुरोध पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद न्यूयॉर्क में एक आपातकालीन बंद कमरे की बैठक आयोजित करने वाली है, ताकि भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर चर्चा हो सके.
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की बात कही. उनके संबोधन के प्रमुख बिंदु:
1- “भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है. दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में योगदान दिया है, इसलिए उनके संबंधों का इस तरह तनावपूर्ण होना मुझे दुखी करता है,” गुटेरेस ने कहा.
2- “यह अधिकतम संयम बरतने और तनाव कम करने का समय है. मैं दोनों देशों के साथ अपनी बातचीत में यही संदेश दे रहा हूं,” उन्होंने कहा.
पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए गुटेरेस ने कहा:
3- “मैं पहलगाम हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. नागरिकों को निशाना बनाना अस्वीकार्य है, और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को कानूनी और विश्वसनीय तरीके से न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए.”
ये भी पढ़ें: बलोच नेता ने पाकिस्तानी आर्मी चीफ को दिलाई 1971 युद्ध की याद, कहा- ’90 हजार सैनिकों की पतलूनें आज भी टंगी हैं’
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

