Union Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार (1 फरवरी) को वित्तीय वर्ष 2026-27 का 71 पन्नों का बजट पेश किया. इस बार के बजट में महिलाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और कृषि क्षेत्रों पर सरकार का खास फोकस नजर आया. लोकसभा में 1 घंटे 24 मिनट के बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कितनी बार जिक्र किया, आइए जानते हैं.
कुल कितनी बार लिया पीएम मोदी का नाम?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बजट संबोधन के दौरान कुल 6 बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र किया. उन्होंने बजट 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया. यह बजट प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
पीएम मोदी का नाम लेकर वित्त मंत्री ने क्या कहा?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छह बार उल्लेख करते हुए निम्न बातें कहीं
- माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने निर्णायक रूप से और निरंतर, संशय के स्थान पर कार्रवाई, वाक्पटुता के स्थान पर सुधार और लोक लुभावन दिखावे के स्थान पर जनहित को प्राथमिकता दी है.
- विकसित भारत युवा नेता वार्ता 2026 में, हमारे प्रधानमंत्री जी के साथ अनेक नवोन्मेषी विचार साझा किए गए जो कई प्रस्तावों का आधार बने हैं, जिससे यह एक विशेष युवा शक्ति संचालित बजट बन पाया है.
- वर्ष 2025 में स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री जी की घोषणा के पश्चात, 350 से अधिक सुधारों को शुरू किया गया है.
- विश्व के विभिन्न भागों में पहले से सम्मान प्राप्त प्राचीन भारतीय योग को व्यापक वैश्विक पहचान तब मिली, जब माननीय प्रधानमंत्री इसे यूएन में लेकर गए. कोविड के पश्चात, आर्युवेद को भी समान वैश्विक स्वीकार्यता और पहचान मिली है.
- माननीय प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व में, हमने वर्ष 2024 में इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस की स्थापना की थी.
- माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी के स्वदेशी लेखांकन एवं परामर्शी प्रतिष्ठानों के वैश्विक अग्रणी बनने के विजन को साकार करने के लिए, मैं सेफ हार्बर नियमावली के प्रयोजनार्थ लेखाकार की परिभाषा को तर्कसंगत बनाने का प्रस्ताव करती हूं.
ये भी पढ़ें: Union Budget 2026: हाईस्पीड रेल से जहाज मरम्मत केंद्र तक, पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस को क्या-क्या मिला?
दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट केवल तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था का दस्तावेज नहीं है, बल्कि भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में मजबूत कदम है. उन्होंने इसे नारी शक्ति, युवाओं और आत्मनिर्भर भारत की आकांक्षाओं को सशक्त करने वाला बजट बताते हुए कहा कि यह विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की मजबूत नींव रखता है.
पीएम मोदी ने आगे कहा कि यह ट्रस्ट बेस्ट गवर्नेंस को साकार करने वाला बजट है. इसमें फिजकल डेफ्सिट कम रखने और महंगाई को कम रखने के उपाय किए गए हैं. यह भारत की वैश्विक भूमिका को नए तरीके से सशक्त करता है. हम जल्द से जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यस्था बनना चाहते हैं. हाल में जो बड़ी-बड़ी ट्रेड डील भारत ने की है, उसका अधिकतम फायदा युवाओं को मिलेगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


