Bharat Express DD Free Dish

क्या पीएम बनने की तैयारी कर रहे हैं अमित शाह? राज ठाकरे पर बरसे रामदास अठावले

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने राज ठाकरे के अमित शाह से जुड़े बयान को खारिज करते हुए उसे तथ्यहीन बताया है. इसके साथ ही उन्होंने नीट (NEET) पुनर्परीक्षा की सुरक्षा तैयारियों और पीएम मोदी-डोनाल्ड ट्रंप के कूटनीतिक संबंधों पर अपनी राय रखी.

Bengaluru: Minister of State for Social Justice and Empowerment of India, Athawale Ramdas Bandu addresses a press conference in Bengaluru ,Saturday, Feb 17, 2024.(IANS)

रामदास आठवले. (फोटो: IANS)

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने शनिवार को कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने रविवार को आयोजित होने वाली नीट (NEET) की दोबारा परीक्षा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर राज ठाकरे के बयान और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करने पर अपनी राय रखी. रामदास अठावले ने राज ठाकरे के उस बयान को खारिज किया जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रधानमंत्री बनने की तैयारी करने की बात कही गई थी.

राज ठाकरे पर बरसे रामदास अठावले

मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बयान पर उन्होंने कहा कि उनके बयान में कोई तथ्य नहीं है. मेरा मानना है कि गृह मंत्री अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेहद करीबी सहयोगी हैं. उन्होंने नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. मुझे नहीं लगता कि अमित शाह प्रधानमंत्री बनने के लिए काम कर रहे हैं.

वह देश के लिए काम कर रहे हैं और देश के नेतृत्व के लिए पीएम मोदी सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं. अठावले ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ा रहे हैं और सभी वर्गों को साथ लेकर चल रहे हैं. उन्होंने राज ठाकरे के बयान को आपस में झगड़ा लगाने वाला बयान बताते हुए कहा कि उनकी पार्टी ऐसे बयानों पर ज्यादा ध्यान नहीं देती.

NEET री-एग्जाम पर बोले अठावले

नीट की दोबारा आयोजित की जा रही परीक्षा को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछली परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और कथित पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों को भारी मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा था. उन्होंने कहा कि कल नीट परीक्षा होगी. पहले जो परीक्षा हुई थी उसमें घोटाला हुआ था, जिससे छात्रों को काफी परेशानी हुई थी. कई छात्रों ने निराशा में आत्महत्या तक कर ली थी. सरकार ने इस बार कई सावधानियां बरती हैं और सभी प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की है.

अठावले ने कहा कि महाराष्ट्र में पेपर लीक मामले में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आई है, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी तथा किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होगी.

पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के संबंध मजबूत

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा किए जाने पर रामदास अठावले ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं और इससे भारत-अमेरिका रिश्तों को मजबूती मिली है. उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं. भारत और अमेरिका के बीच कई वर्षों से मजबूत संबंध रहे हैं. व्यापार के क्षेत्र में अमेरिका एक महत्वपूर्ण देश है और दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है.”

ये भी पढ़ें: भारतीय नौसेना में शामिल हुए 3 और ‘मेड इन इंडिया’ युद्धपोत, रक्षा आत्मनिर्भरता पर गरजे पीएम मोदी

अठावले ने कहा कि ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से यह कहा है कि नरेंद्र मोदी उनके मित्र हैं और भारत के साथ उनके अच्छे संबंध हैं. इसके लिए उन्होंने ट्रंप का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे तथा आर्थिक और रणनीतिक सहयोग का दायरा बढ़ेगा.

वैश्विक शांति की पैरवी

अंतरराष्ट्रीय हालात पर टिप्पणी करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी प्रकार का युद्ध या तनाव विश्व शांति के लिए ठीक नहीं है. उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध जैसी स्थिति हमेशा के लिए समाप्त होनी चाहिए. युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है. दुनिया में शांति बनी रहनी चाहिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार वैश्विक स्तर पर शांति स्थापित करने और विवादों को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं.

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read