Badaun Crime News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां के इस्लामनगर कस्बे में शातिर ‘कच्छाधारी गिरोह’ के बदमाशों ने देर रात जमकर तांडव मचाया. बदमाशों ने न सिर्फ बंदूक की नोक पर लाखों रुपये की डकैती डाली, बल्कि घर के लोगों के साथ ऐसी दरिंदगी की जिसे सुनकर पूरा इलाका दहल उठा है. एक ही थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों और घरों में हुई चोरी और डकैती की इन घटनाओं से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है.
दीवार फांदकर घुसे बदमाश
यह पूरी वारदात इस्लामनगर के वनखंडी मंदिर के सामने नई बस्ती इलाके की है. यहां रहने वाले एक परिवार के मकान को बदमाशों ने देर रात अपना निशाना बनाया. कच्छाधारी गिरोह के ये डकैत दीवार के सहारे घर के अंदर दाखिल हुए और करीब तीन घंटे तक पूरे घर को बंधक बनाकर आतंक मचाते रहे.
‘मुर्गा खाते हो?’… और शुरू कर दी बेरहम पिटाई
घर में घुसते ही बदमाशों ने सबसे पहले परिवार के लोगों से खाने की मांग की. इस पर जब मकान मालिक ने सीधे साधे अंदाज में बताया कि आज घर में ‘मुर्गा’ (चिकन) बना है, तो बदमाश अचानक भड़क गए. वे परिवार वालों पर चिल्लाने लगे कि ‘तुम लोग मुर्गा खाते हो?’ बस इसी बात को बहाना बनाकर बदमाशों ने आपा खो दिया और लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और तमंचों के बल पर पूरे परिवार की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी.
इस दौरान डकैतों ने घर के पांच लोगों को बंधक बना लिया. हैवानियत की हद तो तब पार हो गई जब इन बेखौफ बदमाशों ने डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे तक को नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की.
ये भी पढ़ें- BPSC पास करते ही बदली नीयत! शिक्षक बना तो ले आया सौतन, आखिर पहली पत्नी के साथ क्या किया?
हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
मारपीट के बाद बदमाश घर में रखी भारी नकदी और सोने-चांदी के सारे कीमती आभूषण समेटकर रफूचक्कर हो गए. बदमाशों के हमले में गृहस्वामी और उनकी पत्नी को बेहद गंभीर चोटें आई हैं. दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है.
सिठौली गांव में भी बोला धावा
बदमाशों का हौसला इतना बुलंद था कि उन्होंने सिर्फ इसी घर को नहीं, बल्कि पास के सिठौली गांव में भी कई घरों को निशाना बनाया और वारदातों को अंजाम दिया. इन बैक-टू-बैक घटनाओं के बाद से स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की तफ्तीश में जुट गया है. इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि इस कच्छाधारी गिरोह का सुराग लगाया जा सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

