UP News: लखनऊ के रमाबाई मैदान में बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया और कई अहम राजनीतिक घोषणाएं कीं. इस रैली में लाखों की संख्या में समर्थक पहुंचे थे जो मायावती और आकाश आनंद के समर्थन में नारे लगा रहे थे.
समाजवादी पार्टी पर हमला
मायावती ने मंच से समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि सपा (SP) दोगली पार्टी है, जो सत्ता में आते ही कांशीराम के नाम पर बनी योजनाओं और संस्थानों के नाम बदल देती है. उन्होंने कहा कि जब सपा सत्ता में नहीं होती है तभी उन्हें पीडीए और कांशीराम की याद आती है.
सीएम योगी की तारीफ
बीएसपी प्रमुख ने योगी सरकार की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने अंबेडकर पार्क की मरम्मत पर पूरा खर्च किया जबकि सपा सरकार ने एक पैसा भी नहीं लगाया था. उन्होंने कहा कि टिकटों से मिलने वाला पैसा सपा सरकार की तरह दबाया नहीं गया बल्कि उसका सही सही तरीके से इस्तेमाल किया गया.
मायावती का बड़ा ऐलान
सबसे बड़ा ऐलान मायावती ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर किया. उन्होंने साफ कहा कि बहुजन समाज पार्टी (BSP) अब किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी और अकेले चुनाव लड़ेगी. उन्होंने कहा कि गठबंधन से पार्टी को कोई फायदा नहीं हुआ, उल्टा नुकसान ही हुआ. अपर कास्ट वोट ट्रांसफर नहीं होते और गठबंधन की सरकारें टिकती नहीं हैं. उन्होंने दावा किया कि 2027 में बीएसपी की सत्ता में वापसी होगी.
अफवाहों पर ध्यान न दें-मायावती
आजम खान को लेकर चल रही अटकलों पर भी मायावती ने जवाब दिया. उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें. अगर मैं किसी से मिलती हूं तो खुले में मिलती हूं, छुपकर नहीं. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि कौन बसपा में शामिल हो रहा है.
ये भी पढ़ें-TVK प्रमुख विजय के घर फर्जी बम कॉल से हड़कंप, पुलिस ने की सघन जांच
आकाश आनंद उत्तराधिकारी
रैली में मायावती ने एक बार फिर आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जैसे उन्होंने कांशीराम और उनके साथ खड़े रहकर पार्टी को मजबूत किया ठीक वैसे ही अब आकाश आनंद के साथ भी खड़े रहें. इस घोषणा के साथ बीएसपी ने 2027 की तैयारी का बिगुल बजा दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



