Bharat Express DD Free Dish

अचानक दूल्हे ने रख दी ऐसी डिमांड कि खाली हाथ लौटी बारात, ससुराल की जगह थाने पहुंची दुल्हन

Bareilly News: यूपी के बरेली जिले का मामला. निकाह से पहले दुल्हे वालों ने पांच लाख की डिमांड रख दी और फिर शराब पीकर उत्पात मचाया, विरोध करने पर बारात वापस लेकर चले गए.

Marriage

सांकेतिक तस्वीर

Edited by Nitish Pandey

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में दूल्हे की एक डिमांड के चलते बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा तो वहीं दुल्हन अपने परिवार वालों के साथ थाने पहुंच गई और दूल्हे सहित उसके घरवालों पर रिपोर्ट दर्ज करा दी. बताया जा रहा है कि दूल्हे पक्ष ने निकाह से पहले अचानक पांच लाख की डिमांड रख दी, जो कि दुल्हन पक्ष पूरी नहीं कर सका और बारात लौट गई.

मामला बरेली के किला थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. यहां के खना गौटिया गांवकी रहने वाली गौस खां ने मीडिया को बताया कि उन्होंने अपनी बहन तारा बी की शादी इज्जतनगर के गांव सैदपुर हाकिंस निवासी हबीब के साथ तय की थी. रविवार को निकाह होना था. इसके लिए किला की रजा कॉलोनी में एक बारातघर को बुक किया गया था. सुबह से ही वहां पर निकाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थी. दोपहर में बारात आई और चाय-नाश्ता करने के बाद हबीब के परिवार वालों ने निकाह से पहले अचानक पांच लाख की डिमांड रख दी. हम सभी ने उन लोगों को काफी समझाया लेकिन वे नहीं माने और पांच लाख न मिलने पर निकाह से इन्कार कर दिया. इसी के साथ दूल्हा पक्ष के लोग शराब पीकर हंगामा भी करने लगे. विरोध करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी.

पढ़ें ये भी –UP News: स्वरा भास्कर और सपा नेता फहद अहमद की शादी के बाद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्र नेता आमने-सामने

निकाह के बगैर ही भाग निकली बारात

हंगामा करने के बाद मामला बिगड़ता देख बारात बिना निकाह किए ही भाग निकली. इसके बाद समाजसेवी रोशनी खान वहां पहुंची और शाम को दुल्हन के साथ ही पूरे परिवार को लेकर थाने पहुंचीं और किला पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई.

पंचायत में भी पांच लाख पर अड़ा रहा दूल्हा

गौस खां ने मीडिया को बताया कि उनके माता-पिता नहीं हैं. चार बहनों की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है. सोमवार को ही दूसरी बहन का भी निकाह उसी बारातघर में होना तय हुआ था. उन लोगों ने भी हबीब के परिजनों को समझाया लेकिन वे नहीं माने. रिश्तेदारों ने भी पंचायत कराई लेकिन फिर भी वे पांच लाख के बाद ही निकाह करने की जिद पर अड़े रहे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read