Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

UP Weather Alert: यूपी में लगातार जारी रहेगी तेज बारिश, आंधी के साथ ही बिजली गिरने की मौसम विभाग ने दी चेतावनी, 40 ज‍िलों के लिए जारी किया अलर्ट

सांकेतिक फोटो (सोशल मीडिया)

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में कई हफ्तों से लगातार बारिश जारी है. कभी धीमी तो कभी तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है तो वहीं भीषण गर्मी और तेज धूप से राहत भी दिलाई है. इसी के साथ मौसम विभाग ने एक और अलर्ट जारी करते हुए यूपी के 40 जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है. इसी के साथ लोगों को सलाह दी है कि भारी बारिश के दौरान घर से बाहर न निकलें और मवेशियों को भी ढकी जगह पर रखें.

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून का रुख अब बुंदेलखंड क्षेत्र से होते हुए पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. विशेषज्ञों ने आने वाले दो दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होने की सम्भावना जताई है. इसी के साथ कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. तो वहीं आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने मीडिया के लिए जारी बयान में बताया है कि, मानसूनी हवा में कम दबाव वाला क्षेत्र सात जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर रहेगा. उन्होंने बताया कि, इसकी वजह से गुरुवार को बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जुड़े 15 जिलों में भारी बारिश की सम्भावना है. तो वहीं प्रदेश के करीब 40 जिलों में आंधी के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश भी होने की सम्भावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी सम्भावना है. ऐसे में लोग घर के अंदर ही रहें.

ये भी पढ़ें- दिल्ली-नोएडा में सुबह से हो रही झमाझम बारिश, यूपी-राजस्थान को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

उन्होंने आगे बताया कि लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, सहित प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में शनिवार से एक बार फिर मौसम का रुख बदलेगा और भारी बारिश के आसार हैं. बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान में मंगलवार की अपेक्षा एक डिग्री की बढ़त दर्ज की गई. अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया. तो वहीं बारिश के बाद दिन भर लखनऊ, कानपुर, उन्नाव सहित तमाम जिलों के आसमान पर बादलों की आवाजाही लगी रही. अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से कम पर दर्ज किया गया. सर्वाधिक तापमान बांदा में 36.8 और आगरा में 36.2 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान में भी बढ़त दर्ज की गई. वहीं सबसे कम तापमान बाराबंकी में 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

गुरुवार को रहेगी बदली

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बदली रहेगी. तो वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है. लखनऊ और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. हालांकि सुबह से लखनऊ सहित आस-पास के कई जिलों में सुबह से आसमान साफ है और हल्की धूप निकली हुई है. चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, बुधवार की शाम लगभग चार मिमी बारिश कानपुर में हुई है. इसी के साथ उन्होंने 6-7 जुलाई को आंधी के साथ भारी बारिश के आसार जताए हैं. उन्होंने बारिश के साथ ही बिजली चमकने और गिरने की घटना को लेकर भी चेतावनी जारी की है. हालांकि कई दिनों से कानपुर में बदली तो है, लेकिन बारिश नहीं हो रही है. यहां के लोग उमस और गर्मी से परेशान हैं.

इन जिलों के लिए जारी हुआ यलो अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 7 जुलाई की सुबह 8:30 बजे तक औरैया, फतेहपुर, हाथरस, आगरा, इटावा, फिरोजाबाद, जालौन, झांसी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, मथुरा, ललितपुर, प्रतापगढ़, उन्नाव और रायबरेली के आसपास के जिलों में भारी बारिश होने के आसार जताए हैं. इसी के साथ तेज आंधी के साथ बिजली गिरने के लिए अमेठी, अलीगढ़,अयोध्या, बांदा, बदायूं, बुलंदशहर,एटा, चित्रकूट,फर्रुखाबाद, गौतमबुद्ध नगर, फतेहपुर, हरदोई, हमीरपुर, कन्नौज, कौशांबी, कासगंज, ललितपुर, लखनऊ, महोबा, मैनपुरी, मथुरा, शाहजहांपुर, सीतापुर और सुल्तानपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital