Bharat Express DD Free Dish

CM धामी ने की बड़ी घोषणाएं, मसूरी की मॉल रोड अब कहलाएगी ‘आंदोलनकारी मॉल रोड’

Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami ने मसूरी गोलीकांड की 31वीं बरसी पर शहीदों को नमन करते हुए मॉल रोड का नाम बदलकर ‘आंदोलनकारी मॉल रोड’ करने और पटरी व्यापारियों के लिए वेंडर जोन बनाने जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं.

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी गोलीकांड की 31वीं बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कई ऐतिहासिक घोषणाएं की. भारी बारिश के बीच आयोजित समारोह में उन्होंने मसूरी की मॉल रोड का नाम बदलकर ‘आंदोलनकारी मॉल रोड’ करने का ऐलान किया. यह सड़क उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए हुए आंदोलन को समर्पित होगी.

इस घोषणा से वहां मौजूद लोगों में गर्व के साथ उत्साह व्यक्त किया. मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर बलबीर सिंह नेगी, बेलमती चौहान, हंसा धनाई, धनपत सिंह, राय सिंह बंगारी और मदन मोहन ममगई को नमन किया.

शहर के विकास के लिए कैबिनेट मंत्री ने रखीं मांगें

उन्होंने 2 सितंबर 1994 को उत्तराखंड के इतिहास का ‘काला दिन’ बताया, जब निहत्थे आंदोलनकारियों पर पुलिस ने गोलियां चलाई थी. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगी और उत्तराखंड को सशक्त, पारदर्शी व संस्कृति से समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. आज की तारीख में इन्हीं बलिदानों की वजह से उत्तराखंड का अस्तित्व हम लोग देख पा रहे हैं. अगर ये लोग नहीं होते, तो आज हम उत्तराखंड का अस्तित्व नहीं देख पाते.

मसूरी के पटरी व्यापारियों के लिए भी मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की. उन्होंने वेंडर जोन बनाने की घोषणा की, जिससे व्यापारियों को स्थायी जगह, सम्मानजनक आजीविका और सुरक्षा मिलेगी. उन्होंने कहा, “ये व्यापारी हमारे शहर की आत्मा हैं, इनके रोजगार को संरक्षित करना हमारा दायित्व है.”

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी के विकास के लिए कई मांगें उठाईं. सीएम ने आरक्षण, पेंशन, मुफ्त शिक्षा और नकल विरोधी कानून जैसे कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार उत्तराखंड को प्रगति के पथ पर ले जा रही है. यह घोषणाएं न केवल शहीदों के बलिदान को सम्मान देती हैं, बल्कि मसूरी के विकास और सामाजिक उत्थान की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम हैं.

ये भी पढ़ें: Flood Havoc in Punjab: पंजाब में बाढ़ की स्थिति भयावह, 12 जिलों में पानी ही पानी… पीड़ितों से मिले CM मान- VIDEO

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read