CP Radhakrishnan Met Mother: भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मंगलवार को तमिलनाडु के तिरुप्पुर की यात्रा पर थे. जहां उन्होंने अपनी मां से मिलकर आशीर्वाद प्राप्त किया. इस भावुक पल को उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट किया है.
उपराष्ट्रपति ने एक्स पर अपने ऑफिशियल अकाउंट पर लिखा कि आज तिरुप्पुर में अपनी मां का आशीर्वाद प्राप्त कर धन्य हो गया. उन्होंने एक तस्वीर भी साझा की है. जिसमें उनकी मां उन्हें आशीर्वाद देती नजर आ रही हैं.
Blessed to get the blessings of my mother today at Tiruppur. pic.twitter.com/9D8VtpiAld
— CP Radhakrishnan (@CPR_VP) October 28, 2025
पूरे तमिलनाडु में कर रहे जनसंपर्क
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अपने इलाके सहित पूरे तमिलनाडु में लगातार जनसंपर्क और सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों के तहत दौरा कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से थोड़ा समय निकालकर अपने पुस्तैनी घर का दौरा किया. यह यात्रा गर्मजोशी और सादगी से भरी रही. उपराष्ट्रपति ने अपनी मां का आशीर्वाद लेने का उनका मार्मिक भाव विशेष रूप से उल्लेखनीय था. यह एक ऐसी परंपरा है जो भारतीय संस्कृति में गहराई से निहित है.
कोयंबटूर में लोगों को किया संबोधित
इससे पहले उपराष्ट्रपति ने नागरिकों से ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय दृष्टिकोण को प्राप्त करने के लिए समर्पण और एकता के साथ काम करने का आग्रह किया था. कोयंबटूर नागरिक मंच को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, किसान और औद्योगिक श्रमिक दोनों ही भारत की प्रगति में अहम भूमिका निभाते हैं. राष्ट्र की समृद्धि उनकी सामूहिक शक्ति पर निर्भर करती है.
ये भी पढ़ें- ब्राजील के रियो में बड़ा पुलिस अभियान, 80 की मौत, 2500 जवानों ने संभाली कमान
आधुनिकीकरण श्रम को नहीं कर सकता खत्म
उपराष्ट्रपति ने आगे कहा कि, आधुनिकीकरण श्रम को खत्म नहीं कर सकता, बल्कि उसे बढ़ाता है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि समावेशी और सतत राष्ट्रीय विकास को सुनिश्चित करने के लिए कृषि और उद्योग का विकास साथ-साथ होना चाहिये.
राधाकृष्णन ने अपना सार्वजनिक जीवन कोयम्बटूर से शुरू किया था. मंगलवार को जब वो वहां पहुंचे तो उनका भव्य स्वागत किया गया. बता दें कि, पिछले महीने उपराष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली यात्रा थी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





