Vijay Rashmika meet PM Modi: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा (Vijay Deverakonda) और रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं. इस जोड़े ने 26 फरवरी को उदयपुर में तेलुगु और कोडवा परंपराओं के अनुसार विवाह रचाया. अब 4 मार्च को हैदराबाद में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए कपल ने स्वयं प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया है.
पीएम मोदी को दिया न्योता
विजय और रश्मिका ने दिल्ली में नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से मुलाकात कर उन्हें रिसेप्शन का न्योता दिया. इस खास मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. फोटो में दोनों पारंपरिक परिधानों में नजर आ रहे हैं और प्रधानमंत्री को शॉल भेंट करते दिखाई दे रहे हैं. उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है.

कपल ने 4 मार्च को हैदराबाद में होने वाले अपने वेडिंग रिसेप्शन का निमंत्रण कार्ड भी प्रधानमंत्री को सौंपा. इससे पहले वे केंद्रीय गृह मंत्री (Amit Shah) से भी मिल चुके हैं और उन्हें भी इस समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दे चुके हैं.
प्रधानमंत्री ने शादी पर दी थी बधाई
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने विजय देवरकोंडा के माता-पिता को एक पत्र लिखकर बेटे की शादी पर शुभकामनाएं दी थीं. अपने पत्र में प्रधानमंत्री ने लिखा था, “शादी के आनंदमय और शुभ अवसर पर देवरकोंडा और मंदाना परिवार, दोनों को दिल से बधाई. यह शादी विजय और रश्मिका के जीवन की एक नई और सुंदर शुरुआत है. सात फेरे लेने का अर्थ जीवन भर के लिए दोस्त बन जाना होता है.”
ये भी पढ़ें: विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की खबरों के बीच वायरल हुई ये फिल्म, IMDb पर है 7.7 रेटिंग
पत्र में प्रधानमंत्री ने दोनों कलाकारों के फिल्मी करियर से जुड़ी बातों का जिक्र भी किया था और लिखा, “विजय और रश्मिका दोनों ही अपनी फिल्मों की स्क्रिप्ट और कहानियों के लिए नए नहीं हैं, वे पर्दे पर जादू करना जानते हैं. लेकिन, उनकी असल जिंदगी का यह नया अध्याय, जो प्यार और भरोसे से भरा है, निश्चित रूप से सिल्वर स्क्रीन पर उनके द्वारा बनाए गए जादू से भी कहीं ज्यादा चमकेगा. आने वाले दिन, महीने और साल उनके साझा सपनों और उनके पूरे होने से भरे रहें. दोनों एक-दूसरे की जिम्मेदारियों को समझें, कमियों को अपनाएं, खूबियों से सीखें, और जीवन की यात्रा सच्चे साझेदार की तरह पूरी करें.”
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

