महाराष्ट्र के कोल्हापुर शहर के सिद्धार्थ नगर इलाके में दो समुदायों के बीच भयंकर बवाल मच गया. दोनों तरफ से एक दूसरे को टारगेट करते हुए पत्थरबाजी की गई और गाड़ियों में आग लगा दी गई. जिसके बाद से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया.
ये घटना मंगलवार की बताई जा रही है. भारत तरुण मंडल प्रणीत राजेबागस्वार फुटबॉल क्लब की 31वीं वर्षगांठ पर सिद्धार्थ नगर चौक में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसको लेकर इलाके में बैनर-पोस्टर और साउंड सिस्टम लगाया गया था. जिसको लेकर स्थानीय लोग काफी नाराज थे.
दोनों समुदायों में जमकर हुई पत्थरबाजी
शाम होते-होते यह नाराजगी बढ़ती चली गई और विवाद का रूप ले ली. रात के करीब 10 बजे दोनों समुदायों के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी. भीड़ ने सड़क के किनारे पार्क की गई गाड़ियों पर भी पत्थरबाजी शुरू कर दी और दो वाहनों में आग लगा दी. इस दौरान कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई.
तनाव के बीच दोनों पक्षों के लोग ‘जय भीम’ के नारे लगा रहे थे. इस बवाल के बीच लोगों ने डिजिटल फ्लेक्स पोस्टरों को भी तोड़ डाला. घटना में करीब 8 लोगों के घायल होने की सूचना है.
स्टेज और साउंड सिस्टम की वजह से हुआ बवाल
सूत्रों ने बताया कि, भारत तरुण मंडल प्रणीत राजेबागस्वार फुटबॉल क्लब के स्थापना दिवस के मौके पर सिद्धार्थनगर के एंट्री पॉइंट पर स्टेज लगाया गया था और मौके पर साउंड सिस्टम बड़े पैमाने पर लगाये गए थे.
फुटबॉल क्लब के लोगों से की शिकायत
आने जाने के मार्ग पर ट्रैफिक जाम की समस्या हो रही थी, इसलिए स्पीकर की संख्या कम करते हुए ट्रैफिक के लिए रास्ता खुला रखने की विनती एक गुट ने बागेस्वार फुटबॉल क्लब के लोगों से की थी. लेकिन उनकी इस मांग को फुटबॉल क्लब ने स्वीकार नहीं की. जिसके बाद स्थानीय गुट ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत की थी.
अचानक से दूसरे समुदाय के लोगों ने कर दिया पथराव
पुलिस की मदद से स्टेज औऱ साउंड सिस्टम हटा दिए गए थे, लेकिन फिर भी मुस्लिम समुदाय के कुछ युवा घटनास्थल पर मौजूद थे.
उन्होंने अचानक सिद्धार्थ नगर इलाके की ओर पथराव शुरू कर दिया. तभी रिएक्शन के तौर पर सिद्धार्थ नगर के युवाओं ने भी पथराव किया और घटनास्थल पर खड़ी गाड़ियों पर भारी पथराव करके तोड़फोड़ कर दी.
ये भी पढ़ें- पटना के दरियावां-हिलसा स्टेट हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की हुई दर्दनाक मौत
गाड़ी में आग लगाने से मामला भड़का
वहीं खड़ी एक चार पहिया गाड़ी में किसी ने आग लगा दी और मामला भड़क गया. इस पथराव से कुछ लोग और महिलाएं घायल हुई हैं. वहीं दो पहिया और चार पहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है.
घटना की सूचना मिलने के बाद लक्ष्मीपुरी पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया. शनिवार की सुबह तक माहौल शांतिपूर्ण है. वहीं चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




