Bharat Express DD Free Dish

Weather Update: दशहरे पर दिल्ली-NCR और कई राज्यों में बारिश का अनुमान, IMD ने जारी किए अलर्ट

दशहरे 2025 पर मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, मध्य भारत और तटीय इलाकों में बारिश का अनुमान जताया है. ओडिशा के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

Weather Update-imd alert-delhi ncr weather

Weather Update: इस साल 2 अक्टूबर को दशहरे पर मौसम दिल्ली-एनसीआर के लिए थोड़ी चुनौती भरी साबित हो सकती है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में हल्की बारिश हो सकती है या पूरे दिन मौसम बादलों से ढका रह सकता है. यानि दशहरे की खुशियों में अचानक बारिश भी शामिल हो सकती है, इसलिए अगर आप किसी बाहरी कार्यक्रम में जा रहे हैं तो छाता साथ रखना बेहतर रहेगा.

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश

IMD ने गोरखपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, कुशीनगर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, भदोही, मिर्ज़ापुर, चंदौली, सोनभद्र और जौनपुर में भी बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, यानी लोग सतर्क रहें, खासकर अगर बाहर यात्रा करनी हो. वहीं झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है.

मध्य और पश्चिमी भारत में हल्की बारिश

भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे मध्य भारत के शहरों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ ही, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में तूफानी हवा और गरज के साथ बारिश देखने को मिल सकती है. महाराष्ट्र में भी हल्की से मध्यम वर्षा होने के संकेत हैं, खासकर सौराष्ट्र और कच्छ पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण. मुंबई और तटीय इलाकों में 6 अक्टूबर तक बादलों और बारिश का असर बना रह सकता है.

ये भी पढ़ें- नागपुर में आज RSS का शताब्दी वर्ष विजयादशमी समारोह, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद होंगे मुख्य अतिथि

ओडिशा में रेड और ऑरेंज अलर्ट

IMD ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. पुरी और जगतसिंहपुर में 20 सेमी से अधिक बारिश होने के कारण रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 14 जिलों में 7 से 20 सेमी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट और बाकी 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read