Bharat Express DD Free Dish

मौसम के डबल अटैक के लिए दिल्ली-NCR वाले रहे तैयार; यूपी के कई जिलों में भयंकर तूफान की चेतावनी

उत्तर भारत में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी और बिहार समेत देश के 21 राज्यों में अगले 24 घंटों के लिए भारी आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जानें क्या है आपके शहर का हाल.

Weather Update Rain Storm Alert In 21 States Including Delhi UP Bihar IMD

प्रतिकात्मक फोटो

Today Weather (Aaj Ka Mausam): उत्तर भारत में जेठ की तपती धूप और लू के थपेड़ों से परेशान लोगों के लिए एक बहुत बड़ी राहत भरी खबर आ रही है. पहाड़ों पर एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ और देश के अन्य हिस्सों में बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) ने मिलकर मौसम का पासा पूरी तरह पलट दिया है. मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे में देश के 21 राज्यों में भारी बारिश, वज्रपात और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से अंधड़ चलने का महा-अलर्ट जारी किया है.

हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून इस समय बिहार बॉर्डर पर सुस्त पड़ा है और 20 से 23 जून के बीच झारखंड के रास्ते उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में एंट्री कर सकता है. इस साल प्रशांत महासागर में ला नीना की स्थिति खत्म होने और अल नीनो के प्रभावी होने के संकेत हैं, जिससे कुल मिलाकर मानसून थोड़ा कमजोर रह सकता है, लेकिन मौजूदा सिस्टम पूरे देश को झकझोरने के लिए तैयार है.

दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश का डबल अटैक

राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद) में मौसम का मिजाज काफी आक्रामक होने वाला है. आज यानी 17 जून को दिल्ली में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, लेकिन दोपहर या शाम होते-होते 60 किलोमीटर से ज्यादा की रफ्तार से धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश लोगों को भिगोने आ रही है.

UP में तूफानी चेतावनी

उत्तर प्रदेश की बात करें तो मध्य और पश्चिमी हिस्सों में तापमान अब भी 40 से 44 डिग्री के बीच बना हुआ है, लेकिन यहां 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भयंकर अंधड़ आने की चेतावनी है. मौसम विभाग ने आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर के लिए बारिश और गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी किया है.

इसके अलावा मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, कानपुर, वाराणसी (बनारस) और प्रयागराज में भी धूल भरी आंधी और बौछारों का दौर देखने को मिलेगा, जिससे किसानों को अपनी फसलों और मवेशियों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है.

बिहार-झारखंड में आफत भी राहत भी

बिहार और झारखंड में अगले 24 से 72 घंटे मौसम के लिहाज से बेहद संवेदनशील हैं. बिहार के पटना, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में 60 से 65 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने (वज्रपात) की प्रबल आशंका है. लोगों से अपील की गई है कि वे आंधी के समय पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे बिल्कुल न खड़े हों.

वहीं झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर, दुमका और बोकारो में भी मूसलाधार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है, लेकिन इससे तपती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.

पंजाब-हरियाणा का भी बदलेगा मिजाज

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में भी भीषण गर्मी के बाद मौसम करवट ले रहा है और धूल भरी आंधी के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं, हालांकि पश्चिमी राजस्थान में पारा अभी भी 45 डिग्री के आसपास बना रहेगा.

पहाड़ों पर मौसम की आंख-मिचौली, मैदानों में तपिश

उत्तराखंड के पांच पहाड़ी जिलों-उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि 19 और 20 जून को यहां ओलावृष्टि और बिजली गिरने का येलो अलर्ट है.

इसके उलट, उधम सिंह नगर (खटीमा में सबसे ज्यादा 37.5 डिग्री) और हरिद्वार जैसे मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और धूप रुलाएगी. केदारनाथ धाम में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री तक लुढ़क गया है. राजधानी देहरादून में पूरे हफ्ते आंशिक बादल छाए रहेंगे और धूल भरी आंधी के साथ बौछारें पड़ेंगी, जिससे उमस बढ़ेगी और पारा 36 से 38 डिग्री तक जाएगा.

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों (जम्मू संभाग) में गर्मी बरकरार है, लेकिन कश्मीर घाटी में मौसम ठंडा और सुखद है. लद्दाख में दिन का मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन रातें काफी ठंडी हो जाएंगी.

क्या है दक्षिण भारत का हाल?

दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मानसून पूरी तरह मजबूत स्थिति में है और लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिसका असर जल्द ही महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में भी दिखेगा.

ये भी पढ़ें: जयपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 8 लोगों की हुई थी मौत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read