पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के 15 साल के शासन को खत्म कर पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद, अब राज्य को अपना पहला भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है. कोलकाता के सियासी गलियारों में आज (8 मई) हलचल अपने चरम पर है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस ऐतिहासिक बदलाव की कमान संभालने के लिए कोलकाता में मौजूद हैं. आज वह ‘सीक्रेट’ नाम सामने आ जाएगा, जिस पर पूरे देश की निगाहें टिकी हुई हैं.
दोपहर 2 बजे होगा फैसला
बीजेपी आलाकमान ने नई सरकार के गठन के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ‘केंद्रीय पर्यवेक्षक’ (Central Observer) और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को ‘सह-पर्यवेक्षक’ नियुक्त किया है.
आज दोपहर 2 बजे कोलकाता में पश्चिम बंगाल बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है. अमित शाह और मोहन चरण माझी नवनिर्वाचित विधायकों के साथ मंथन करेंगे और इसी बैठक में सर्वसम्मति से विधायक दल के नेता (यानी नए मुख्यमंत्री) का चुनाव किया जाएगा. इसके साथ ही नए कैबिनेट की पूरी रूपरेखा भी आज ही तैयार कर ली जाएगी.
कौन होगा वो चेहरा?
बंगाल में बीजेपी किसे मुख्यमंत्री बनाएगी, इसे लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि, चुनाव प्रचार के दौरान खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई बार मंच से यह ऐलान किया था कि पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री कोई ‘बाहरी’ नहीं होगा. उन्होंने स्पष्ट किया था कि “मुख्यमंत्री कोई लोकल होगा और वही होगा जो अच्छी बंगाली बोलता हो.” शाह के इसी फॉर्मूले ने सस्पेंस को और बढ़ा दिया है कि आखिर वह ‘बंगाली भद्रलोक’ चेहरा कौन है जिसे यह बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली है.
ये भी पढ़ें: सम्राट चौधरी कैबिनेट की ‘X-Ray’ रिपोर्ट! सवर्ण, पिछड़े और दलितों का परफेक्ट बैलेंस; महिलाओं को 33 की जगह 14% हक
9 मई का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण
आज विधायक दल की बैठक में नाम तय होने के तुरंत बाद, कल यानी 9 मई को पश्चिम बंगाल में नई सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा. इस ऐतिहासिक समारोह को विशाल बनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से शामिल होंगे. उनके अलावा देशभर के कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, केंद्र सरकार के मंत्री और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी बंगाल के इस पहले ‘कमल राज’ के राजतिलक के गवाह बनेंगे. अब बस दोपहर 2 बजे का इंतजार है, जब बंगाल की सियासत का सबसे बड़ा पर्दा उठेगा!
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
