Bharat Express DD Free Dish

IPL 2025: आईपीएल प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर, इस दिन से दोबारा शुरू होंगे मैच, जानें कब खेला जाएगा फाइनल

आईपीएल मैचों की जानकारी देते हुए बीसीसीआई ने भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी और दृढ़ता को नमन किया है, जिनके प्रयासों से क्रिकेट की सुरक्षित वापसी संभव हो सकी है.

IPL

आईपीएल 2025 की नई तारीखों का ऐलान.

IPL 2025 : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टाटा IPL के शेष मुकाबलों के फिर से शुरू होने की आधिकारिक घोषणा कर दी है. नए शेड्यूल के तहत बाकी के मैच 17 मई से खेले जाएंगे.

IPL दोबारा 17 मई से फिर शुरू होगा

बता दें कि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण ब्लैकआउट की वजह से 8 मई को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का मैच बीच में ही रोक देना पड़ा था. बाकी के मैच भी स्थगित कर दिए गए थे, जिसके बाद नया शेड्यूल जारी किया गया है, जिसमें 17 मई से इसे दोबारा शुरू करने का ऐलान किया गया है.

3 जून को होगा IPL का फाइनल

नए शेड्यूल के अनुसार, IPL स्टेज के बाकी बचे 13 मैच देश के छह अलग-अलग स्टेडियमों में 17 से 27 मई तक आयोजित होंगे. इसमें पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अधूरा छूट गया मैच 24 मई को जयपुर में खेला जाएगा. इस बीच आने वाले दोनों रविवार को डबल हेडर (एक दिन में दो मैच) होंगे.

आगे के मैचों के लिए स्टेडियम तय नहीं किए गए हैं. पहला क्वालिफायर 29 मई को और एलीमिनेटर 30 मई को खेला जाएगा. दूसरा क्वालिफायर 1 जून को खेला जाएगा. इसके बाद 3 जून को IPL 2025 का फाइनल होगा. बीसीसीआई ने बताया कि प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों के स्थानों की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी.

यह भी पढ़ें- Virat Kohli Retirement: टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली के नाम हैं ये बेहतरीन रिकॉर्ड, एक 71 सालों में पहली बार हुआ हासिल

आईपीएल मैचों की जानकारी देते हुए बीसीसीआई ने भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी और दृढ़ता को नमन किया है, जिनके प्रयासों से क्रिकेट की सुरक्षित वापसी संभव हो सकी है. बोर्ड ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आईपीएल के सफल समापन का संकल्प दोहराया है.

धर्मशाला में रद्द हुआ था मैच

उल्लेखनीय है कि 8 मई को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच रद्द हो गया था. बताया गया था कि बिजली सप्लाई प्रभावित होने से स्टेडियम की लाइटें बंद हो गई थीं, जिसके बाद मैच रद्द कर दिया गया था. उस समय तक पहले खेलते हुए पंजाब का स्कोर 10.1 ओवर में 122/1 था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read