Bharat Express DD Free Dish

IPL 2025: गुजरात टाइटंस को मुंबई इंडियंस ने 20 रन से हराया….फाइनल के लिए अब पंजाब से होगी भिड़ंत

गुजरात को जीत के लिए 229 रन का लक्ष्य मिला था पर टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बना सकी.

mumbai indians

IPL 2025 MI Vs GT: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में शुक्रवार को खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 20 रनों से हरा दिया. गुजरात को जीत के लिए 229 रन का लक्ष्य मिला था. गुजरात की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बना सकी.

गुजरात टाइटंस ने 3 के स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल का विकेट गंवाने के बाद भी 229 रन के बड़े लक्ष्य का मजबूती से पीछा किया. सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने 49 गेंद पर 1 छक्के और 10 चौके की मदद से 80 रन की पारी खेली. वे जब तक क्रीज पर रहे गुजरात जीत की तरफ जाती दिखी.

सुदर्शन का विकेट गिरने के साथ ही जीत कहीं न कहीं मुंबई इंडियंस के पाले में चली गई. वाशिंगटन सुंदर ने 24 गेंद पर 48 रन की पारी खेली. इसके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका. मैच में गुजरात को जोस बटलर की कमी खली, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड लौट गए हैं.

मुंबई इंडियंस की तरफ से जसप्रीत बुमराह फिर से सबसे किफायती रहे. 4 ओवर में सिर्फ 27 रन देकर उन्होंने 1 विकेट लिए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.

टॉप ऑर्डर ने की विस्फोटक बल्लेबाजी

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. मुंबई इंडियंस के टॉप ऑर्डर ने विस्फोटक बल्लेबाजी की, जिसकी बदौलत टीम 5 विकेट पर 228 रन बना सकी. रोहित शर्मा ने 50 गेंद पर 4 छक्के और 9 चौके लगाते हुए 81 रन की पारी खेली.

जॉनी बेयरेस्टो ने 22 गेंद पर 47, सूर्यकुमार यादव ने 20 गेंद पर 33, तिलक वर्मा ने 11 गेंद पर 25 और हार्दिक पांड्या ने 9 गेंद पर नाबाद 22 रन की पारी खेली.

गुजरात की गेंदबाजी बेहद खराब रही थी. पूरे सीजन प्रभावित करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने 4 ओवर में 53 रन लुटाए. उन्हें 2 विकेट मिले. साई किशोर ने 4 ओवर में 42 रन देकर 2 और सिराज ने 4 ओवर में 37 रन देकर 1 विकेट लिए. मुंबई इंडियंस का मुकाबला 1 जून को पंजाब किग्स के खिलाफ होगा. इस मैच में जीत दर्ज करने वाली टीम 3 जून को आरसीबी के खिलाफ फाइनल खेलेगी. आईपीएल 2025 के आखिरी दोनों मैच अहमदाबाद में खेले गए जाएंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read