Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

चुनावी वादों को लेकर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- वादा वो करो, जिसे निभा सको

कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सोशल साइट X पर एक पोस्ट में यूपी के संभल जिले में स्थित श्री कल्कि धाम में 7 नवंबर से शुरू हो रहे शिलादान महायज्ञ में शामिल होने की लोगों से अपील की है.

आचार्य प्रमोद कृष्णम. (फाइल फोटो: IANS)

चुनाव के लिए किए गए वादों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तीखी आलोचना से भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी टकराव तेज हो गया है. इस बीच कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सोशल साइट एक्स पर किए गए एक पोस्ट में कांग्रेस पर​ निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि सिर्फ चुनाव जीतने के लिए किए गए झूठे वादे आम जनता के साथ धोखा है.

उन्होंने लिखा, ‘घोषणायें करना ‘बुरा’ नहीं है, लेकिन सिर्फ ‘चुनाव’ जीतने के लिए अनाप-शनाप झूठे वादे करना जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा है. इसलिए ‘वादा’ वो करो, जिसे निभा सको, कहीं ऐसा न हो के एक दिन ‘लोकतंत्र’ से जनता का ‘विश्वास’ ही उठ जाए.’

पीएम मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष पर बोला था हमला

मालूम हो कि इससे पहले बीते शुक्रवार (1 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था, क्योंकि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की राज्य इकाइयों को सलाह दी थी कि केवल वही वादे करने चाहिए जो वित्तीय रूप से संभव हों.

इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘कांग्रेस पार्टी को यह एहसास हो रहा है कि झूठे वादे करना तो आसान है, लेकिन उन्हें सही तरीके से लागू करना मुश्किल या असंभव है. प्रचार के दौरान वह लोगों से ऐसे वादे करते हैं, जिन्हें वे कभी पूरा नहीं कर पाएंगे. अब कांग्रेस पार्टी लोगों के सामने बुरी तरह बेनकाब हो गई है.’

कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश में उपचुनाव को लेकर भी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था. आचार्य कृष्णम ने कहा था कि राहुल गांधी और उनकी टोली ने पूरी कांग्रेस पार्टी का पिंडदान कर दिया. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को अपना झंडा और निशान समाजवादी पार्टी (सपा) को सौंप देना चाहिए. लखनऊ में कांग्रेस को अपना दफ्तर बंद कर सपा के साथ मर्ज हो जाना चाहिए.

कल्कि धाम में होगा महायज्ञ

इसके अलावा आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सोशल साइट X पर एक पोस्ट में यूपी के संभल जिले में स्थित निर्माणाधीन श्री कल्कि धाम में 7 नवंबर से शुरू हो रहे शिलादान महायज्ञ में शामिल होने की लोगों से अपील की है.

मालूम हो कि संभल जिले के एचोड़ा कंबोह में भगवान कल्कि का दिव्य एवं अदभुत धाम का निर्माण कराया जा रहा है. कल्कि भगवान विष्णु का 10वें अवतार हैं, जिनका जन्म कलयुग के अंतिम चरण में होगा.

अपने पोस्ट में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने लिख, ‘श्री कल्कि धाम के निर्माणार्थ 7 नवंबर से शुरू हो रहे 108 कुंडीय शिलादान महायज्ञ में आप सभी सादर आमंत्रित हैं. स्थान: श्री कल्कि धाम, एंचोड़ा कम्बोह, (नगली से जोया मार्ग), संभल.’

श्री कल्कि धाम को विश्‍व का सबसे अनोखा मंदिर कहा जा रहा है. इस मंदिर में भगवान विष्णु के 10 अवतारों के लिए 10 अलग-अलग गर्भगृह होंगे. श्री कल्कि धाम मंदिर परिसर पांच एकड़ में बनकर तैयार होगा, जिसमें 5 वर्ष का समय लगेगा. बीते फरवरी माह में श्री कल्कि धाम का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital