'दोबारा साथ काम करने का सपना अधूरा रह गया'
Sushant Singh Rajput: बॉलीवुड के चमकते सितारे सुशांत सिंह राजपूत आज भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं. 14 जून 2020 को उनके जाने से पूरा देश सदमे में चला गया था. उनकी पहली हिट फिल्मों में से एक शुद्ध देसी रोमांस में परिणीति चोपड़ा के साथ उनकी जोड़ी को लोगों ने खूब प्यार दिया था. अब इतने सालों के बाद परिणीति ने पहली बार खुलकर सुशांत के साथ अपनी दोस्ती पर बात की है.
‘सिर्फ को-स्टार नहीं, सच्चा दोस्त था सुशांत’
परिणीति ने एक इंटरव्यू में बताया कि सुशांत उनके लिए केवल एक फिल्म का हीरो नहीं था. वो उनका बहुत अच्छा दोस्त था. परिणीति ने उसे अपना बडी बताया. एक्ट्रेस ने कहा कि सुशांत हर वक्त उन्हें सपोर्ट करता था. जब परिणीति को नेशनल अवॉर्ड मिला था तो सुशांत सबसे ज्यादा खुश होने वालों में से एक था. उसने उन्हें दिल से बधाई दी थी और आगे बढ़ने के लिए मोटिवेट किया था. परिणीति ने कहा कि सुशांत जैसा चीयरलीडर मिलना मुश्किल है.
‘दोनों की सोच एक जैसी थी’
परिणीति ने बताया कि सेट पर शूटिंग के अलावा भी दोनों की खूब बनती थी. दोनों घंटों तक बैठकर बातें किया करते थे. फिल्मों के बजट से लेकर सितारों और साइंस तक, हर टॉपिक पर उनकी चर्चा होती थी. दोनों एक दूसरे की बात को बिना कहे समझ जाते थे. कई मुद्दों पर दोनों की राय एक जैसी ही होती थी. यही वजह थी कि उनकी दोस्ती इतनी गहरी हो गई थी.
ये भी पढ़ें-‘बालिका वधू’ के 18 साल: छोटी आनंदी बनीं स्टार, एक ने खुदकुशी की तो दो बड़े सितारों की थम गईं सांसें
‘अधूरी रह गई दूसरी फिल्म’
परिणीति ने एक अधूरे सपने का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि शुद्ध देसी रोमांस के बाद दोनों को फिर से एक साथ फिल्म मिलने वाली थी. मशहूर डायरेक्टर होमी अदजानिया उन दोनों को लेकर एक प्रोजेक्ट बनाने वाले थे. सब कुछ तय हो चुका था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. किसी कारण से वो फिल्म बन ही नहीं पाई. परिणीति ने कहा कि उन्हें आज भी इस बात का बहुत दुख है कि वो सुशांत के साथ दोबारा स्क्रीन शेयर नहीं कर पाईं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
