64 विला खरीद मामले में आरोपों का सामना कर रहे राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है. जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने कहा कि राजस्थान हाई कोर्ट का आदेश अभी अंतरिम प्रकृति का है, इसलिए शीर्ष अदालत इस स्तर पर उसमें हस्तक्षेप नहीं करना चाहती.
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने शिखर अग्रवाल को अंतरिम राहत के लिए हाई कोर्ट जाने की छूट देते हुए हाई कोर्ट से मामले की जल्द से जल्द सुनवाई करने का अनुरोध किया है, साथ ही दोनों पक्षों को अपने सभी कानूनी और अन्य मुद्दे वहां उठाने की स्वतंत्रता दी है.
सुप्रीम कोर्ट में क्या हुआ?
राजस्थान हाई कोर्ट द्वारा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद शिखर अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर कर एसीबी जांच रोकने, गिरफ्तारी से राहत देने और किसी भी कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की थी (जिसमें राजस्थान सरकार ने पहले से कैविएट दायर कर रखी थी). सुनवाई के दौरान अग्रवाल की ओर से पेश वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने दलील दी कि विला नियमों के मुताबिक ही खरीदे गए हैं और इसके लिए रिटर्न भी भरा गया है.
दूसरी ओर, अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को सौंपी अपनी रिपोर्ट में भी सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उदयपुर व अलवर जिले के जिन विलाओं का जिक्र हो रहा है, उनके लिए 2.16 करोड़ रुपये का भुगतान 6 साल में किया गया और मार्च 2026 में रजिस्ट्री भी डीएलसी दर के अनुसार हुई; उन्होंने पर्यावरण स्वीकृति व कंपनी को राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना का लाभ दिलाने में पद के दुरुपयोग के आरोपों को भी नकारा है.
क्या है 64 विला खरीद और किराये का पूरा मामला?
एसीबी द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार, आईएएस शिखर अग्रवाल पर तीन साल के भीतर गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व वाली निजी रिसॉर्ट कंपनी अनंता रिसॉर्ट्स से 64 विला और कॉटेज खरीदने तथा पद के दुरुपयोग का आरोप है. जांच एजेंसी के आरोपों के मुताबिक, अग्रवाल, उनकी पत्नी एवं आईपीएस अधिकारी प्रशाखा माथुर तथा परिवार के सदस्यों ने करीब 6.17 करोड़ रुपये में ये संपत्तियां खरीदीं और बाद में इन्हें विक्रेता को ही लगभग 1.80 करोड़ रुपये सालाना किराए पर दे दिया. इससे पहले राजस्थान हाई कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया था कि एसीबी की जांच नहीं रुकेगी, हालांकि गिरफ्तारी की आशंका होने पर अग्रिम जमानत याचिका दायर करने का विकल्प दिया था;
वहीं अग्रवाल ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17A (जो आधिकारिक कामकाज से जुड़े आरोपों की जांच से पहले सक्षम अधिकारी की मंजूरी अनिवार्य करती है) के तहत एसीबी की प्रारंभिक जांच और राज्य सरकार की मंजूरी दोनों को हाई कोर्ट में चुनौती दे रखी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





