रूस में लापता हुए एक भारतीय नागरिक का मामला अब देश की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. तमिलनाडु के रहने वाले 62 वर्षीय बुजुर्ग पिता पी. सेथूराज ने अपने बेटे अबिनेश कुमार का पता लगाने और उसकी सुरक्षित भारत वापसी की मांग करते हुए याचिका दायर की है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि उनके बेटे को नौकरी और पढ़ाई का झांसा देकर रूस ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उसे रूसी सेना (Russian Army) में शामिल कर लिया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार के संबंधित विभागों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से मानवीय आधार पर हस्तक्षेप करने तथा इस संबंध में निर्देश लेकर आने का अनुरोध किया है.
इंस्टाग्राम एजेंट के जरिए गया था रूस
याचिकाकर्ता पी. सेथूराज के मुताबिक, उनका बेटा अबिनेश कुमार 13 अप्रैल 2026 को तीन अन्य युवकों के साथ चेन्नई से रूस के लिए रवाना हुआ था. बताया गया है कि रूस में नौकरी पाने के सिलसिले में वह बागिरथन नाम के एक एजेंट के संपर्क में आया था, जिससे उसकी जान-पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी.
रूस जाने से पहले अबिनेश को मॉस्को के एक कॉलेज का एडमिशन लेटर भी मिला था. परिवार के अनुसार, रूस पहुंचने के बाद शुरुआती दिनों में अबिनेश से नियमित बातचीत होती रही, लेकिन 19 जुलाई 2026 के बाद उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया और पिछले चार महीने से उसके ठिकाने के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है.
ई-मेल खंगालने पर मिला रूसी पासपोर्ट
याचिका में चौंकाने वाला दावा किया गया है कि जब अबिनेश से संपर्क नहीं हो पाया, तो उसके बड़े भाई विष्णु कुमार ने उसके ई-मेल में मौजूद दस्तावेजों की जांच की. इस दौरान उन्हें रूसी सेना से जुड़ा पहचान पत्र, रूसी पासपोर्ट और सेना में भर्ती से जुड़े कुछ दस्तावेज मिले. इन दस्तावेजों को देखकर परिवार को आशंका हुई कि अबिनेश की भारतीय नागरिकता समाप्त कराकर उसे रूसी नागरिकता दे दी गई और फिर रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया.
रूस ने रिहा करने से किया इनकार
याचिका में विदेश मंत्रालय की ओर से 15 सितंबर 2026 को भेजे गए जवाब का भी उल्लेख किया गया है. इसके मुताबिक, मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने रूस के रक्षा मंत्रालय के समक्ष यह मामला उठाया था और अबिनेश को रूसी सेना से रिहा करने की मांग की थी.
हालांकि, रूसी पक्ष की ओर से यह कहते हुए रिहाई से इनकार कर दिया गया कि अबिनेश एक रूसी नागरिक के तौर पर रूसी सेना में शामिल हुआ है और उसके पास रूसी पासपोर्ट मौजूद है.
ये भी पढ़ें-लखनऊ में जनजातीय भागीदारी उत्सव, जानिए 4 दिन में क्या-क्या होगा खास? प्रवेश रहेगा बिल्कुल नि:शुल्क
MADAD पोर्टल से लेकर CM सेल तक लगाई गुहार
परिजनों के मुताबिक, बेटे की तलाश के लिए उन्होंने 7 सितंबर 2026 को विदेश मंत्रालय के MADAD पोर्टल, 9 सितंबर को पुलिस अधीक्षक और 22 सितंबर को तमिलनाडु मुख्यमंत्री के विशेष शिकायत केंद्र में भी गुहार लगाई थी. अब सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में मांग की गई है कि भारतीय दूतावास को अबिनेश से मुलाकात करने, उसकी सेहत व सुरक्षा की जांच करने और परिवार से उसकी बात कराने के निर्देश दिए जाएं. साथ ही केंद्र सरकार को उसकी सुरक्षित रिहाई और स्वदेश वापसी के लिए हर संभव कूटनीतिक कदम उठाने का निर्देश देने की अपील की गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



