Kasim and Asim Spying for Pakistan’s ISI: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किए गए राजस्थान के दो भाइयों, कासिम और आसिम उर्फ हसीन, को पटियाला हाउस कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने बताया कि दोनों जांच में सहयोग नहीं कर रहे और गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. कोर्ट ने कहा कि फिलहाल पूछताछ की आवश्यकता नहीं है, इसलिए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
दिल्ली पुलिस ने कासिम को सबसे पहले मेवात, राजस्थान से गिरफ्तार किया था. उससे पूछताछ के बाद उसके भाई आसिम को भी गिरफ्तार किया गया. जांच में पता चला कि दोनों आईएसआई एजेंटों के संपर्क में थे और देश के विभिन्न हिस्सों से संवेदनशील जानकारी जुटाकर पाकिस्तान भेज रहे थे.
कासिम ने खुलासा किया कि उसे लाहौर के एक आर्मी कैंप में जासूसी की ट्रेनिंग दी गई थी, जिसमें तीन आईएसआई अधिकारी शामिल थे. इनमें दो अधिकारियों के कोड नेम शाहजी और ताऊजी थे, जबकि तीसरे की पहचान वकास के रूप में हुई.
पुलिस को शक है कि दोनों ने अपने मोबाइल से महत्वपूर्ण डेटा डिलीट कर दिया है. आसिम भी अपने भाई की तरह ताबीज और झाड़-फूंक का काम करता था और बचपन में अपने पिता के साथ पाकिस्तान जा चुका था. उसकी बुआ पाकिस्तान में रहती है.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से सुरक्षा एजेंसियां देशभर में पाकिस्तान से जुड़े जासूसों को पकड़ रही हैं. इस मामले में आगे की जांच जारी है ताकि इस जासूसी नेटवर्क का और पर्दाफाश किया जा सके. यह गिरफ्तारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


