Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

न्यायपालिका के खिलाफ टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, राउत-वागले को नया हलफनामा दाखिल करने का आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने अवमानना मामले में संजय राउत और निखिल वागले के हलफनामे से असंतुष्टि जताते हुए बेहतर हलफनामा पेश करने और 8 दिसंबर को शशरीर पेश होने का निर्देश दिया है.

Supreme Court Expresses Displeasure Over Sanjay Raut Nikhil Vagale Affidavit In Contempt Case
Edited by Vaibhav Gupta

सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ की गई टिप्पणियों से जुड़े आपराधिक अवमानना मामले में सर्वोच्च अदालत ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत और पत्रकार निखिल वागले के रुख पर कड़ी नाराजगी जताई है. कोर्ट ने दोनों की ओर से दाखिल किए गए हलफनामे को नाकाफी मानते हुए इसे खारिज कर दिया है और एक बेहतर एवं नया हलफनामा दाखिल करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के दौरान दोनों को व्यक्तिगत रूप से (शशरीर) पेश होने को कहा है. अब इस मामले की अगली सुनवाई आगामी 8 दिसंबर को होगी.

‘माफी दिल से मांगी जानी चाहिए, सिर्फ दिमाग से नहीं’

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की ओर से पेश अध्यक्ष प्रदीप राय ने अदालत का ध्यान इस बात की ओर खींचा कि माफी मांगने के बाद भी संजय राउत लगातार सोशल मीडिया पर न्यायपालिका के खिलाफ पोस्ट कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि राउत ने अल्बानिया सुप्रीम कोर्ट की एक विवादित तस्वीर शेयर की थी, जिसमें प्रदर्शनकारियों को इमारत में आग लगाते हुए दिखाया गया था, लेकिन अपने हलफनामे में उन्होंने इन बाद की पोस्ट का कोई जिक्र नहीं किया है.

इस पर तल्ख टिप्पणी करते हुए अदालत ने कहा कि इतने गंभीर मामलों में माफी सिर्फ दिमाग से नहीं बल्कि दिल से मांगी जानी चाहिए. कोर्ट ने संजय राउत को नसीहत देते हुए कहा कि आप एक अनुभवी और लंबे समय से सांसद रहे नेता हैं, साथ ही पत्रकारिता से भी जुड़े रहे हैं. ऐसे में सार्वजनिक मंचों पर बोलते वक्त आपको अपनी मर्यादा और संयम का पूरा ख्याल रखना चाहिए.

क्या है पूरा विवाद?

गौरतलब है कि 12 अक्टूबर को संजय राउत ने दावा किया था कि उन्होंने सीजेआई सूर्यकांत सहित कई जजों को लंदन में बीजेपी नेताओं के साथ बैडमिंटन खेलते देखा था. वहीं, पत्रकार निखिल वागले ने भी 11 अक्टूबर को एक्स पर सीजेआई के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी. एससीबीए की याचिका पर अटॉर्नी जनरल से मंजूरी मिलने के बाद यह कानूनी कार्रवाई शुरू हुई है.

सुनवाई के दौरान वागले की वकील इंदिरा जयसिंह ने न्यायपालिका और वकीलों के बीच आपसी तालमेल और सम्मान की बात उठाई, जिस पर कोर्ट ने संस्थागत सुधार के लिए साथ मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया. बहरहाल, 8 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में दोनों की व्यक्तिगत पेशी और नए हलफनामे पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी.

यह भी पढ़ें: SIR और CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर इंडिया ब्लॉक की ओर से दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने टाली सुनवाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026