Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली के महरौली में दो प्राचीन स्मारकों की सुरक्षा मामले में सुप्रीम कोर्ट 28 अप्रैल को करेगा सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट 28 अप्रैल को आशिक अल्लाह दरगाह और बाबा फरीद की चिल्लागाह को संरक्षित करने की याचिका पर सुनवाई करेगा. कोर्ट ने एएसआई को स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए हैं.

Court

सुप्रीम कोर्ट दिल्ली के महरौली में संजय वन स्थित दो प्राचीन स्मारक आशिक अल्लाह दरगाह और बाबा फरीद की चिल्लागाह को संरक्षित करने की मांग वाली याचिका पर 28 अप्रैल को सुनवाई करेगा. सीजेआई संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली पीठ ने एएसआई से एक साइट बनाने के लिए कहा है, ताकि आगे से अतिक्रमण न हो. सीजेआई ने कहा कि मौजूदा स्थल पर कोई निर्माण या कोई संरचना नहीं होगी. सीजेआई ने कहा कि मूल संरचना जिस रूप में अस्तित्व में थी, उसका पता लगाना और सत्यापित करना आवश्यक है. कोर्ट ने एएसआई को आगे की स्टेट्स रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है.

कोर्ट ने यह भी कहा कि लोग पैसा कमाने के लिए अतिक्रमण करते हैं और लगाते है. कोर्ट ने मौजूदा स्थल पर कोई संरचना या निर्माण पर अंतरिम रोक लगा दिया है. एएसआई ने इस मामले में अंतरिम रिपोर्ट दाखिल की है. एएसआई की रिपोर्ट के मुताबिक यह 700 साल पहले बना एक ऐतिहासिक स्मारक है.

बता दें कि दिल्ली हाई कोर्ट ने महरौली में 13वीं शताब्दी की आशिक अल्लाह दरगाह और बाबा फरीद की चिल्लागाह आदि संरचनाओं की सुरक्षा के लिए निर्देश देने से इनकार कर दिया था. जिसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है. प्राचीन स्मारक आशिक अल्लाह दरगाह और बाबा फरीद की चिल्लागाह स्मारक 12 वीं और 13 वीं शताब्दी के एतिहासिक ढांचे है. यह बात भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने सुप्रीम कोर्ट में सौंपी अपनी रिपोर्ट में कहीं है.

एएसआई का कहना है कि इन दोनों ही पुरातात्विक ढांचों का धार्मिक महत्व है. हर दिन मुश्लिम श्रद्धालु आशिक अल्लाह दरगाह और 13 वीं शताब्दी के बाबा शेख फरीदुद्दीन के चिल्लागाह पर आते है. शेख शिहाबुद्दीन का मकबरा और बाबा शेख फरीदुद्दीन शकरगंज का चिल्लागाह वर्तमान में मूल विरासत के ढांचे में बड़े पैमाने पर परिवर्तन के साथ एक आधुनिक रूप है.

ये भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट से ईशा फाउंडेशन को राहत, मद्रास हाईकोर्ट के फैसले में हस्तक्षेप से इनकार

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read