सुप्रीम कोर्ट में 3 नए जजों की हुई नियुक्ति (AI IMAGE)
सुप्रीम कोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिल गए हैं. सुप्रीम कोर्ट परिसर स्थित विस्तार भवन के सभागार में आयोजित एक सादे एवं गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह में CJI सूर्यकांत ने तीनों नए जजों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. नए न्यायाधीशों के रूप में गुजरात हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल, दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह ने शपथ ली है.
तीनों जजों के पदभार ग्रहण करने के साथ ही सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 37 हो गई है, जबकि स्वीकृत क्षमता 38 जजों की है. इसका मतलब है कि अब भी शीर्ष अदालत में केवल एक पद रिक्त है.
महिला जजों की संख्या हुई 3
जस्टिस सुनीता अग्रवाल के सुप्रीम कोर्ट जज बनते ही शीर्ष अदालत में महिला न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है. 1989 में अवध विश्वविद्यालय से एलएलबी करने के बाद उन्होंने दिसंबर 1990 में वकालत शुरू की थी. नवंबर 2011 में इलाहाबाद हाईकोर्ट की जज बनीं और जुलाई 2023 में उन्हें गुजरात हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया था. वह अप्रैल 2031 तक सुप्रीम कोर्ट में अपनी सेवाएं देंगी.
कौन है जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय?
लखनऊ विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल करने वाले जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय मई 1991 में वकील के रूप में पंजीकृत हुए थे. 2007 से 2011 तक उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य अधिवक्ता रहने के बाद नवंबर 2011 में वे इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज बने. जुलाई 2023 में बॉम्बे हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने के बाद जनवरी 2025 में उनका स्थानांतरण दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पद पर हुआ था.
जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को लंबा अनुभव
दिल्ली विश्वविद्यालय से लॉ ग्रेजुएट जस्टिस अपरेश कुमार सिंह ने 1990 में पटना हाईकोर्ट से वकालत शुरू की थी. बाद में झारखंड हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने के बाद 2012 में वे वहां के जज बने. 2023 में त्रिपुरा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने के बाद जुलाई 2025 में उनका तबादला तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में हुआ था.
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 28 सितंबर को ही इन तीनों वरिष्ठ जजों को पदोन्नत कर सुप्रीम कोर्ट भेजने की सिफारिश की थी.
यह भी पढ़ें: फिल्म ‘काला हिरण’ से जुड़े विवाद मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने सलमान खान को भेजा नोटिस
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


