मार्च का महीना खत्म होते-होते सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. दोपहर की चिलचिलाती धूप, पसीना और ऊपर से ये उमस हालत खराब करने के लिए काफी है. ऐसे में जैसे ही प्यास लगती है, हम में से ज्यादातर लोग तुरंत फ्रिज खोलते हैं और कोल्ड ड्रिंक या बाज़ार में मिलने वाले पैक्ड जूस पर टूट पड़ते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि प्यास बुझाने के चक्कर में आप अपने शरीर में कितनी चीनी और केमिकल डाल रहे हैं? नेशनल हेल्थ मिशन भी आगाह करता है कि ये ड्रिंक्स फायदे से ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं.
अगर आप इस गर्मी खुद को वाकई अंदर से ‘कूल और रिफ्रेश’ रखना चाहते हैं, तो आयुर्वेद और दादी-नानी के नुस्खों की तरफ मुड़िए. यहां एक ही नाम सबसे ऊपर आता है, छाछ या बटरमिल्क.
कोल्ड ड्रिंक छोड़िए, छाछ अपनाइए
छाछ सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि गर्मियों में शरीर के लिए एक सुरक्षा कवच है. दही को मथकर तैयार की गई यह हल्की और स्वादिष्ट ड्रिंक आपके शरीर को तुरंत हाइड्रेट करती है. जब हम धूप में निकलते हैं, तो पसीने के जरिए शरीर से जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स बाहर निकल जाते हैं. छाछ में मौजूद पोटैशियम और सोडियम इन मिनरल्स की कमी को चुटकियों में पूरा कर देते हैं, जिससे आप दिनभर एनर्जी से भरपूर महसूस करते हैं.
पेट की समस्याओं का ‘रामबाण’ इलाज
गर्मियों में अक्सर लोगों को पेट फूलने, गैस, कब्ज या अपच की शिकायत होने लगती है. इसका सबसे बड़ा कारण है पेट की बढ़ती गर्मी. छाछ में मौजूद प्रोबायोटिक्स यानी ‘गुड बैक्टीरिया’ हमारे पाचन तंत्र के लिए वरदान हैं. यह न सिर्फ खाने को पचाने में मदद करती है, बल्कि आंतों की सफाई भी करती है. आयुर्वेद के अनुसार, अगर आप दोपहर के खाने के बाद एक गिलास छाछ पीते हैं, तो भारी से भारी भोजन भी आसानी से पच जाता है.
स्किन पर आएगा निखार और घटेगा वजन
हैरानी की बात यह है कि छाछ का असर सिर्फ सेहत पर ही नहीं, आपकी खूबसूरती पर भी दिखता है. जब पेट साफ रहता है और शरीर की गर्मी शांत होती है, तो चेहरे पर होने वाले कील-मुहांसे और दाग-धब्बे अपने आप कम होने लगते हैं. साथ ही, जो लोग वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके लिए छाछ बेस्ट है. इसमें कैलोरी बहुत कम होती है और इसे पीने के बाद काफी देर तक भूख नहीं लगती.
मिनटों में तैयार करें अपनी ‘मैजिक ड्रिंक’
छाछ बनाना बेहद आसान है और इसके लिए आपको बहुत तामझाम की जरूरत नहीं है. बस थोड़ा सा दही लें, उसे अच्छे से फेंटें और उसमें जरूरत के हिसाब से पानी मिलाएं. अब इसमें भुना हुआ जीरा पाउडर, थोड़ा सा सेंधा नमक, काली मिर्च और बारीक कटा हुआ पुदीना डाल दें. पुदीना इसे और भी ज्यादा ठंडा और खुशबूदार बना देगा. अगर आप चाहें तो इसमें हल्का सा काला नमक भी डाल सकते हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

