Bharat Express DD Free Dish

होली के हुड़दंग में फीकी न पड़ जाए चेहरे की चमक; त्वचा को रंगों के ‘अटैक’ से बचाने के लिए अपनाएं ये देसी नुस्खे

त्योहार की मस्ती में अक्सर हम अपनी त्वचा का ख्याल रखना भूल जाते हैं. बाजार के पक्के और केमिकल युक्त रंग रैशेज और जलन का कारण बनते हैं. इस लेख में जानिए वो देसी तरीके जिनसे आप बेफिक्र होकर होली खेल सकते हैं और आपकी स्किन भी रहेगी पूरी तरह से सेफ.

Holi 2026, Skin Care Tips, Lifestyle News

Holi Skin Care Tips: होली यानी रंगों का त्योहार, मौज-मस्ती और अपनों के साथ हुड़दंग. लेकिन इस मस्ती के बीच हम अक्सर एक बड़ी मुसीबत को दावत दे बैठते हैं, और वो है- कैमिकल वाले रंग. पुराने जमाने की बात और थी जब टेसू के फूलों और घर की बनी हल्दी से होली खेली जाती थी, लेकिन आज बाजार ऐसे रंगों से पटा पड़ा है जिनमें लेड (सीसा) और खतरनाक कैमिकल्स की भरमार होती है. नतीजा? त्योहार खत्म होते ही चेहरे पर दाने, रैशेज, खुजली और जलन जैसी समस्याएं हफ्तों तक पीछा नहीं छोड़तीं.

अगर आप चाहते हैं कि इस बार होली की यादें सिर्फ तस्वीरों में ही नहीं, बल्कि आपकी चमकती त्वचा में भी सुरक्षित रहें, तो ये कुछ ‘प्रो-टिप्स’ आपके बड़े काम आएंगे.

तेल की ‘सुरक्षा दीवार’ है सबसे जरूरी

होली खेलने निकलने से पहले अपनी स्किन के लिए एक ढाल तैयार करें. इसके लिए सबसे बढ़िया है नारियल या सरसों का तेल. सुबह उठते ही पूरे चेहरे और गर्दन पर तेल की अच्छी मालिश कर लें. माना कि चेहरे पर थोड़ा चिपचिपापन रहेगा और आपकी सेल्फी शायद उतनी ‘परफेक्ट’ न आए, लेकिन यकीन मानिए, ये तेल रंगों को आपकी त्वचा के अंदर घुसने से रोक देगा. तेल की चिकनाई की वजह से रंग जम नहीं पाएंगे और बाद में इन्हें छुड़ाना बहुत आसान हो जाएगा.

पेट्रोलियम जेली और सनस्क्रीन का कॉम्बो

अगर आपको तेल लगाना पसंद नहीं है, तो पेट्रोलियम जेली की एक मोटी परत लगाएं. इसके अलावा, चूंकि होली अक्सर खुले मैदान या धूप में खेली जाती है, इसलिए सनस्क्रीन लगाना बिल्कुल न भूलें. धूप और कैमिकल वाले रंग मिलकर त्वचा को ‘सनबर्न’ और डैमेज का दोगुना खतरा पहुंचाते हैं. एक अच्छी सनस्क्रीन न केवल टैनिंग से बचाएगी, बल्कि रंगों के सीधे संपर्क को भी कम करेगी.

ये भी पढ़ें- आलू या शकरकंद! डायबिटीज की थाली में क्या है सुरक्षित? जानिए ब्लड शुगर कंट्रोल करने का सही तरीका

होंठ और नाखून को न करें नजरअंदाज

अक्सर हम चेहरे का ख्याल रखते हैं लेकिन होंठ और नाखून भूल जाते हैं. होंठों की स्किन बहुत नाजुक होती है, इसलिए एक अच्छी क्वालिटी का लिप बाम या घी जरूर लगाएं ताकि वहां दरारें न पड़ें और रंग अंदर न जाए. रही बात नाखूनों की, तो लड़कियां गहरे रंग की नेलपेंट लगा सकती हैं. लड़कों के लिए सलाह है कि वे ‘ट्रांसपेरेंट नेलपेंट’ का इस्तेमाल करें. नाखूनों के अंदरूनी हिस्से में भी इसे लगाने से रंग वहां नहीं फंसेगा और हाथ गंदे नहीं दिखेंगे.

कपड़ों का चुनाव भी है चालाकी

स्टाइल के चक्कर में छोटे कपड़े पहनने की गलती न करें. कोशिश करें कि फुल स्लीव्स के कुर्ते या टी-शर्ट और पूरी लंबाई वाले पायजामे पहनें. जितनी कम स्किन दिखेगी, उतना ही कम कैमिकल आपकी बॉडी को छुएगा. साथ ही, पैरों में ऐसे फुटवियर पहनें जिनकी ग्रिप अच्छी हो, ताकि गीले फर्श पर फिसलने का डर न रहे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read