HEALTHY BREAKFAST: रोज सुबह उठकर नाश्ते में क्या बनाया जाए, यह हर घर की एक बड़ी समस्या होती है. अक्सर लोग स्वाद के चक्कर में सुबह-सुबह समोसे, पकौड़े या तली-भुनी चीजें खा लेते हैं. यह चीजें स्वाद में तो अच्छी लगती हैं, लेकिन सेहत को नुकसान पहुंचाती हैं. अगर आप भी रोज-रोज वही पुराना नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया, टेस्टी और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो मूंग दाल की टिक्की आपके लिए सबसे बेस्ट ऑप्शन है. प्रोटीन से भरपूर यह टिक्की खाने में जितनी क्रिस्पी और स्वादिष्ट होती है, सेहत के लिए उतनी ही फायदेमंद भी है.
टिक्की बनाने की जरूरी सामग्री
मूंग दाल टिक्की बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा तामझाम करने की जरूरत नहीं है. इसके लिए आपको चाहिए एक कप भीगी हुई मूंग दाल, दो उबले हुए आलू (बाइंडिंग के लिए), बारीक कटी हुई हरी मिर्च, बारीक कटा हुआ प्याज, अदरक का पेस्ट, हरा धनिया, स्वादअनुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, गरम मसाला और टिक्की को सेकने के लिए थोड़ा सा तेल या घी.
बनाने का आसान तरीका
इस लाजवाब टिक्की को बनाने के लिए सबसे पहले भीगी हुई मूंग दाल को मिक्सी में दरदरा पीस लें. ध्यान रहे कि दाल को ज्यादा बारीक नहीं पीसना है और पीसते समय पानी का इस्तेमाल कम से कम करें. अब एक बड़े बर्तन में पिसी हुई दाल और उबले हुए आलुओं को अच्छी तरह मैश करके मिक्स कर लें. इसके बाद इस मिक्चर में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और सारे सूखे मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें टिक्की का आकार दें.
कम तेल में ऐसे करें तैयार
एक नॉन-स्टिक तवे या पैन पर थोड़ा सा तेल या घी लगाकर गर्म करें. अब तैयार की गई टिक्कियों को तवे पर रखें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें. आप चाहें तो इसे डीप फ्राई भी कर सकते हैं, लेकिन सेहत के लिहाज से इसे तवे पर कम तेल में सेंकना ज्यादा बेहतर रहता है. जब टिक्की दोनों तरफ से अच्छी तरह क्रिस्पी हो जाए, तो इसे प्लेट में निकाल लें. आपकी गरमा-गरम और पौष्टिक मूंग दाल टिक्की तैयार है. इसे हरी चटनी या टोमैटो केचप के साथ सर्व करें. बच्चे भी इसे मांग-मांगकर खाएंगे.
ये भी पढ़ें: मुर्दों पर विवादित बयान की बड़ी सजा! KEM अस्पताल ने MBBS छात्रा सेजल पवार को 15 दिनों के लिए छुट्टी पर भेजा
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

