Bharat Express DD Free Dish

केमिकल वाले शैम्पू को कहें बाय-बाय! बालों के लिए जादुई है ‘रीठा’, जानें इस्तेमाल का सही तरीका

Reetha Benefits for Hair: रीठा एक प्राकृतिक क्लींजर है जो बालों को बिना नुकसान पहुंचाए जड़ों से साफ करता है. आयुर्वेद में सदियों से इस्तेमाल होने वाला यह फल डैंड्रफ खत्म करने और बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है.

Reetha benefits for hair

Ayurvedic Hair Care Tips: आयुर्वेद में सदियों से अपनी खास पहचान रखने वाला ‘रीठा’ एक ऐसा प्राकृतिक उपहार है, जो बालों और त्वचा के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. ‘सैपोनिन’ जैसे प्राकृतिक क्लींजिंग तत्वों से भरपूर रीठा, आज के केमिकल युक्त शैम्पू का एक सुरक्षित और प्रभावी विकल्प है. हिमालयी क्षेत्रों में पाया जाने वाला यह फल न केवल स्कैल्प को स्वस्थ रखता है, बल्कि बालों को बिना नुकसान पहुंचाए प्राकृतिक चमक और मजबूती भी देता है.

रीठा एक बेहतरीन प्राकृतिक क्लींजर है जिसका उपयोग प्राचीन काल से बालों की सफाई के लिए किया जाता रहा है. यह बिना किसी साइड इफेक्ट के डैंड्रफ को दूर करता है, बालों का झड़ना रोकता है और उन्हें जड़ों से मजबूत बनाता है. इसे पानी में भिगोकर या उबालकर इस्तेमाल करना बेहद आसान है. केमिकल फ्री होने के कारण यह बालों की प्राकृतिक नमी को बनाए रखता है और आंवला-शिकाकाई के साथ मिलकर और भी अधिक प्रभावशाली हो जाता है.

शैम्पू की जगह रीठा का इस्तेमाल

आज के समय में जब बाजार में हर चीज केमिकल से भरी हुई मिलती है, ऐसे में रीठा एक ऐसा प्राकृतिक विकल्प है जो बिना किसी साइड इफेक्ट के बालों की सफाई और देखभाल में मदद करता है. पुराने समय में लोग शैम्पू की जगह रीठा का ही इस्तेमाल करते थे. इसे पानी में भिगोकर या उबालकर इसके पानी से बाल धोए जाते थे, जिससे बाल साफ, मुलायम और चमकदार बनते थे.

डैंड्रफ जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मददगा

रीठा का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह बालों को जड़ों से साफ करता है लेकिन उनकी प्राकृतिक नमी को नुकसान नहीं पहुंचाता. यह स्कैल्प को भी स्वस्थ रखता है और डैंड्रफ जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करता है. जिन लोगों को खुजली या सिर की त्वचा में जलन की समस्या होती है, उनके लिए रीठा काफी फायदेमंद माना जाता है.

इसके अलावा रीठा बालों को मजबूत बनाने में भी मदद करता है. नियमित इस्तेमाल से बाल झड़ने की समस्या कम हो सकती है और बालों की ग्रोथ भी बेहतर हो सकती है. यह बालों को नेचुरल चमक देता है, जिससे बाल ज्यादा हेल्दी और साफ दिखते हैं.

रीठा को बेहद शुद्ध और उपयोगी माना गया

रीठा का इस्तेमाल करना भी बहुत आसान है. इसके सूखे फलों को रातभर पानी में भिगो दिया जाता है या हल्का उबाल लिया जाता है. फिर इस पानी को छानकर शैम्पू की तरह इस्तेमाल किया जाता है. कुछ लोग इसे आंवला और शिकाकाई के साथ मिलाकर भी इस्तेमाल करते हैं, जिससे इसका असर और बढ़ जाता है.

रीठा सिर्फ बालों के लिए ही नहीं, बल्कि कपड़े और घरेलू सफाई के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है. इसके प्राकृतिक झाग बनाने वाले गुण इसे एक मल्टी-यूज हर्बल प्रोडक्ट बनाते हैं. आयुर्वेद में रीठा को बेहद शुद्ध और उपयोगी माना गया है, क्योंकि यह प्रकृति से सीधे मिलने वाला उपहार है. इसमें कोई केमिकल नहीं होता, इसलिए यह हर उम्र के लोगों के लिए सुरक्षित माना जाता है.

यह भी पढ़ें: अखिलेश का नया ‘सोशल इंजीनियरिंग’ फॉर्मूला: PDA प्लस अगड़े, 2027 के लिए महाराणा प्रताप बने जरिया

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read