Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

महाकुंभ में बना नया वर्ल्ड रिकार्ड, 15 हजार स्वच्छताकर्मियों ने एक साथ की सफाई; 2019 में जुटे थे 10 हजार कर्मी

इस वर्ष महाकुंभ के दिव्य-भव्य आयोजन के साथ स्वच्छता के भी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जा रहे हैं. इसी क्रम में अब मेला क्षेत्र के 4 जोनों में एक साथ 15 हजार स्वच्छता कर्मियों ने सफाई कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है.

Cleanliness in Kumbh Mela
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Prayagraj Maha Kumbh Mela 2025: प्रयागराज महाकुंभ मेले में फिर एक नया कीर्तिमान बना है. यहां मेला क्षेत्र के 4 जोनों में एक साथ 15 हजार स्वच्छता कर्मियों ने सफाई की, उनके कार्य-कौशल ने यूपी की प्रदेश सरकार और प्रयागराज मेला प्राधिकरण का ही पिछला वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया.

इस अवसर पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी, महाकुंभ की विशेष कार्यधिकारी आकांक्षा राणा और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम मौजूद रही.

मेले में बन रहे नित-नए कीर्तिमान

महाकुंभ 2025 दिव्य-भव्य आयोजन के साथ-साथ अपने विश्व कीर्तिमानों के लिए भी जाना जा रहा है. एक ओर महाकुंभ में अब तक 63 करोड़ श्रद्धालुओं का पवित्र त्रिवेणी में स्नान करना जहां अपने आप में एक विश्व रिकॉर्ड है. वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से स्वच्छ महाकुंभ अभियान के तहत स्वच्छता को लेकर महाकुंभ में कई वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जा रहे हैं. इसी क्रम में महाकुंभ मेला क्षेत्र के 4 जोनों में एक साथ 15 हजार स्वच्छता कर्मियों ने झाडू लगा कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया. इसकी फाइनल रिपोर्ट तीन दिन बाद जारी की जाएगी. गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड संस्था की ओर से मुख्य ऑब्‍जर्वर एवं निर्णायक ऋषि नाथ अपनी टीम के साथ लंदन के मुख्यालय से प्रयागराज आए हैं. साथ ही पूरी प्रक्रिया के ऑब्‍जर्वेशन और अल्टरेशन का कार्य नीरज प्रकाश एंड एशोसियेट चार्टेड एकाउटेंट फर्म कर रही है.

स्वच्छताकर्मियों की संख्या की गणना उनके हाथ में लगाए गए स्कैन कोड युक्त बैंड को स्कैन करके की गई है. प्रयागराज मेला प्राधिकरण महाकुंभ 2025 में अपना ही पिछला कुंभ 2019 का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का प्रयास किया.

2019 में 10 हजार स्वच्छता कर्मियों ने लगाई थी झाड़ू

कुंभ 2019 में जहां 10 हजार स्वच्छता कर्मियों ने एक साथ झाडू लगा कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था. वहीं इस वर्ष महाकुंभ 2025 में 15 हजार स्वच्छता कर्मी एक साथ झाडू लगा कर नया कीर्तिमान बना रहे हैं. गंगा सेवादूत और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के मार्गदर्शन में सेक्टर-2 के हेलीपैड, सलोरी नागवासुकी क्षेत्र, अरैल और झूंसी में 4-4 हजार स्वच्छता कर्मियों ने प्रक्रिया में भागीदारी की.

इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी ने कहा कि महाकुंभ में बन रहा स्वच्छता का ये विश्व रिकार्ड प्रयागराज की पवित्र भूमि से पूरे विश्व को स्वच्छता महासंदेश दे रहा है. ये जन-जन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और उनकी भागीदारी को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

सबसे बड़ा धार्मिक, अध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि महाकुंभ आज विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक, अध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन बनकर उभरा है. जिसे सफल बनाने में हमारे सच्चे नायक स्वच्छता कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. जिन्होंने कुंभ मेला क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने हेतु दिन-रात कार्य किया.

उन्होंने बताया कि महाकुंभ मेला क्षेत्र में सोमवार को 15 हजार स्वच्छता कर्मियों ने लगभग 10 किमी तक सफाई अभियान चलाकर एक नया कीर्तिमान रचा है, जो देश की स्वच्छता के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है. यह रिकॉर्ड हमारे स्वच्छता कर्मियों के समर्पण और एकजुटता का अभूतपूर्व उदाहरण है. हजारों स्वच्छता कर्मियों ने मिलकर इस पवित्र आयोजन को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दिया है.

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर हम सभी यह संकल्प लें कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह हमारी जीवनशैली का हिस्सा बने. महाकुंभ का यह कीर्तिमान हमें प्रेरित करता है कि हम हर दिन अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और एक स्वस्थ भारत की ओर कदम बढ़ाएं.

(न्यूज एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)

  • भारत एक्‍सप्रेस


इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital