धनतेरस पर खरीदी चीजों के साथ करें ये खास काम
हिंदू धर्म में धनतेरस का विशेष महत्व बताया गया है. यह पर्व दिवाली से ठीक पहले मनाया जाता है और इस दिन खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है. परंपरा के अनुसार लोग धनतेरस पर सोना, चांदी, नए बर्तन, झाड़ू और साबुत धनिया जैसी चीजें खरीदते हैं. मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई वस्तुएं घर में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आती हैं. इसी वजह से लोग माता लक्ष्मी, धन के देवता कुबेर और भगवान धन्वंतरि की पूजा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं.
सिर्फ खरीदारी ही नहीं, पूजा भी है जरूरी
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक धनतेरस के दिन मां लक्ष्मी के साथ कुबेर देव की पूजा करने से आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहती है. ऐसा माना जाता है कि इससे घर में धन की कमी नहीं होती और समृद्धि का वास बना रहता है. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस दिन खरीदी गई चीजों को घर लाने के बाद उनकी विधि-विधान से पूजा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. कहा जाता है कि ऐसा करने पर ही खरीदारी का पूरा शुभ फल प्राप्त होता है.
नए बर्तन घर लाने के बाद क्या करें?
धनतेरस पर खरीदे गए बर्तनों को खाली अवस्था में रखना शुभ नहीं माना जाता. इसलिए जब नया बर्तन घर लाएं तो उसमें पानी, चावल, चीनी या मिठाई जैसी कोई चीज जरूर रखें. इसके बाद उस बर्तन को भगवान धन्वंतरि और माता लक्ष्मी के सामने स्थापित करें. रोली और अक्षत से तिलक लगाकर पूजा करने के बाद ही उसका उपयोग शुरू करना चाहिए.
सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए खास नियम
यदि आपने धनतेरस पर सोने या चांदी के सिक्के अथवा आभूषण खरीदे हैं, तो घर पहुंचते ही सबसे पहले उन्हें गंगाजल से शुद्ध करना चाहिए. इसके बाद इन्हें मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर के चरणों में अर्पित कर पूजा की जाती है. पूजा पूरी होने के बाद सोना या चांदी लाल अथवा पीले रंग के कपड़े में बांधकर तिजोरी या धन रखने वाली जगह पर रखना शुभ माना जाता है.
झाड़ू को माना जाता है मां लक्ष्मी का प्रतीक
धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा भी काफी पुरानी है. धार्मिक मान्यता के अनुसार झाड़ू को मां लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है. नई झाड़ू घर लाने के बाद उस पर गंगाजल छिड़कें और मौली यानी कलावा बांधें. फिर कुमकुम और अक्षत अर्पित कर उसकी पूजा करें. इसके बाद झाड़ू को ऐसी जगह रखें जहां बाहरी लोगों की नजर आसानी से न पड़े. नई झाड़ू का प्रयोग धनतेरस वाले दिन या दीपावली से पहले घर की हल्की सफाई करके शुरू किया जा सकता है.
साबुत धनिया खरीदने के बाद करें ये उपाय
धनतेरस पर साबुत धनिया खरीदना भी शुभ माना जाता है. इसे घर लाने के बाद सबसे पहले माता लक्ष्मी और भगवान धन्वंतरि की पूजा में अर्पित करें. पूजा समाप्त होने पर थोड़े से धनिए को लाल या पीले कपड़े में बांधकर छोटी पोटली बना लें और उसे तिजोरी, अलमारी या जहां धन रखा जाता है वहां सुरक्षित रख दें.
बाकी बचे धनिए के कुछ बीजों को दीपावली पूजन के बाद गमले, बगीचे या घर के आंगन की मिट्टी में बोया जा सकता है. वहीं कुछ धनिए का उपयोग प्रसाद बनाने, जैसे धनिया पंजीरी तैयार करने, या भोजन में भी किया जा सकता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह उपाय घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता बनाए रखने का प्रतीक माना जाता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




