Bharat Express DD Free Dish

25 नवंबर 1995 को मैच के दौरान स्टेडियम में हो गई थी नौ लोगों की मौत, लेकिन मैच जारी रहा

Nagpur ODI Tragedy: 25 नवंबर 1995 को नागपुर वनडे मैच के दौरान स्टेडियम की दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत और 70 से ज्यादा घायल हुए. इस हादसे ने भारतीय क्रिकेट में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े किए.

Nagpur ODI Tragedy: 25 नवंबर 1995 भारतीय क्रिकेट इतिहास का ऐसा दिन है जिसे चाहकर भी भुलाया नहीं जा सकता है. नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा था. सीरीज 2-2 से बराबरी पर थी और दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम था लेकिन लंच ब्रेक के दौरान जो हादसा हुआ, उसने पूरे मैच को एक त्रासदी में बदल दिया.

दीवार ढहने से मौत

स्टेडियम में दर्शकों की भीड़ को संभालने के लिए एक नई दीवार बनाई गई थी लेकिन लंच ब्रेक के दौरान अचानक यह दीवार गिर गई. हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई और 70 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए. कुछ दर्शक तो 70 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरकर मारे गए. मलबे के नीचे दबे लोगों की चीखें पूरे स्टेडियम में गूंज रही थीं.

खिलाड़ियों से छिपाई गई सच्चाई

हैरानी की बात यह रही कि मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों को इस घटना की जानकारी नहीं दी गई. आयोजकों को डर था कि अगर हादसे की खबर फैली तो मैच रद्द हो जाएगा और स्टेडियम में मौजूद 30 हजार से ज्यादा लोग हंगामा कर देंगे. इसलिए मैच चलता रहा और अंत में न्यूजीलैंड ने भारत को 66 रनों से हराकर सीरीज 3-2 से जीत ली. उस मैच में सचिन तेंदुलकर, अजय जडेजा, विनोद कांबली और अनिल कुंबले जैसे दिग्गज खिलाड़ी खेल रहे थे.

ये भी पढ़ें-26/11 मुंबई हमले की 17वीं बरसी, 166 लोगों की गई थी जान, नाव से आए थे आतंकी

सुरक्षा पर उठे सवाल

जांच में खुलासा हुआ कि दीवार की नींव कमजोर थी और निर्माण में घटिया सामान का इस्तेमाल हुआ था. सुरक्षा मानकों का भी उल्लंघन किया गया था. इस हादसे ने भारतीय क्रिकेट में दर्शकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. इसके बाद स्टेडियमों में निर्माण कार्यों की निगरानी बढ़ाई गई और दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाने लगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read