Bharat Express DD Free Dish

इंग्लैंड को उन्हीं की सरजमीं पर धूल चटाकर लौटी भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम, अमित शाह ने बढ़ाया हौसला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इंग्लैंड में टी-20 सीरीज 4-3 से जीतकर लौटी भारत की दिव्यांग पुरुष क्रिकेट टीम से मुलाकात की और उनके जज्बे की सराहना की.

Amit Shah Meets Indian Mixed Disability Cricket Team After England Series Win Bharat Express

Amit Shah Meets Indian Mixed Disability Cricket Team

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (23 अगस्त 2026) को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर भारत की दिव्यांग पुरुष क्रिकेट टीम से मुलाकात की. यह मुलाकात टीम के इंग्लैंड दौरे से सफल होकर स्वदेश लौटने के बाद हुई है. भारतीय टीम ने हाल ही में आयोजित ‘इंडिया-इंग्लैंड मेन्स मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी-20आई सीरीज़ 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान इंग्लैंड को 4-3 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की है.

खिलाड़ियों के जज्बे को सराहा

गृह मंत्री अमित शाह ने खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, अडिग संकल्प और मैदान पर दिखाए शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद देश के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान हासिल करने का यह प्रयास भारत के करोड़ों युवाओं को प्रेरित करेगा.

यह भी पढ़ें: गृह मंत्री अमित शाह ने बढ़ाया दिव्यांग क्रिकेट टीम का हौसला, बोले- देश को आपके दृढ़ संकल्प पर गर्व है

गृह मंत्री ने सभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से बात की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.

गृह मंत्री ने ‘X’ पर साझा की जानकारी

मुलाकात के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आधिकारिक ‘X’ हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा, ‘आज नई दिल्ली में भारत की दिव्यांग पुरुष क्रिकेट टीम से मिलकर बेहद खुशी हुई. यह टीम इंग्लैंड दौरे पर ‘इंडिया-इंग्लैंड मेन्स मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी-20आई सीरीज़ 2026′ खेलने के बाद देश लौटी है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाने का उनका यह प्रयास और अटूट संकल्प भारत के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. मैं उनके भावी प्रयासों और करियर के लिए शुभकामनाएं देता हूं.’

दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCIOFFICIAL) के तत्वावधान में खेलने वाली इस टीम ने 7 मैचों की इस कड़े मुकाबले वाली सीरीज़ में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर देश का सिर फक्र से ऊंचा किया है.

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के बीच कुम्पू की भारत में धमाकेदार एंट्री, 25 साल के सफर के बाद दिल्ली में लगाया एक्सपीरियंस स्टॉल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read