Bangladesh First Test Win
Bangladesh First Test Win: बांग्लादेश ने डार्विन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट को 9 विकेट से अपने नाम किया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने पूरी टीम की कोशिशों की तारीफ करते हुए कहा कि यह नतीजा टीम के सभी 11 खिलाड़ियों के योगदान का नतीजा था.
डार्विन में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी सिर्फ 198 रन पर सिमट गई, जिसके बाद बांग्लादेश ने 426 रन बनाकर 228 रन शानदार बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 284 रन बनाए और मेहमान टीम को जीत के लिए 57 रन का टारगेट मिला, जिसे बांग्लादेश ने 14.2 ओवरों में आसानी से हासिल कर लिया.
ऑस्ट्रेलिया में यह बांग्लादेश की पहली टेस्ट जीत थी, जो देश में उनके तीसरे ही मैच में मिली. बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने पहले ही दिन मैच में पकड़ बनवा दी थी, जिसके बाद तंजीद हसन के पहले टेस्ट शतक, निचले क्रम के बल्लेबाजों के अहम रनों और मेहदी हसन मिराज के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने मेहमान टीम को यादगार जीत दिलाई. हसन महमूद ने मैच में कुल 9 विकेट हासिल किए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर-ऑफ-द-मैच’ चुना गया.
पूरी टीम को मिले जीत का श्रेय
जीत के बाद कप्तान शांतो ने कहा,
मुझे लगता है कि बांग्लादेशी टीम को ‘प्लेयर-ऑफ-द-मैच’ की ट्रॉफी दी जानी चाहिए. प्रत्येक खिलाड़ी ने किसी न किसी तरह योगदान दिया. तमीम का अपने दूसरे ही टेस्ट में पहला शतक खास है. मिराज ने पहले भी ऐसा प्रदर्शन किया है. उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि हमारे निचले क्रम के बल्लेबाजों ने इस मैच में कैसी बल्लेबाजी की. हसन, तैजुल, तस्कीन और इबादत भी. आमतौर पर हमें उनकी बल्लेबाजी से ज्यादा कुछ नहीं मिलता, इसलिए इस मैच में यह बहुत अहम योगदान था. हमें उन्हें इसका श्रेय देना चाहिए.
गेंदबाजों ने ढाया कहर
शांतो ने कहा कि अगर आप मैच के पहले सेशन को देखें, तो हसन, तस्कीन और इबादत ने जिस तरह से गेंदबाजी की, उसने इस मैच का माहौल बना दिया. हसन ने शानदार प्रदर्शन किया. यहां आने से पहले भी उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया. उन्होंने काउंटी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया, जिसके बारे में उन्होंने कहा था कि वहां के हालात यहां जैसे ही हैं. पिछले कुछ वर्षों में तेज गेंदबाज बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं. हमारे पास तैजुल (इस्लाम) और मिराज (मेहदी हसन मिराज) जैसे दो बेहतरीन स्पिनर भी हैं. मुझे लगा कि मिराज ने हालात का बहुत अच्छे से फायदा उठाया, खासकर दूसरी पारी में, और उनके पास काफी अनुभव भी है. उन्होंने बहुत सारे टेस्ट मैच खेले हैं और उन्हें अपनी भूमिका पता है. इसलिए उन्हें अच्छा प्रदर्शन करते देखकर बहुत खुशी हुई.
मेहदी ने टेस्ट करियर में 15वीं बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया. तैजुल इस्लाम ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान मार्नस लाबुशेन को आउट किया. इसके अलावा, चोटिल उंगली के बावजूद उन्होंने कुछ जरूरी रन भी बनाए.
शांतो ने तंजीद हसन को उनके पहले शतक के लिए बधाई देने के साथ निचले क्रम के बल्लेबाजों के जज्बे की भी तारीफ की, जिसकी बदौलत बांग्लादेश पहली पारी में 426 रन तक पहुंच सका.
बांग्लादेशी पीएम ने फोन कर दी बधाई
इससे पहले, बांग्लादेशी टीम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में सिर्फ 54 रन पर ढेर हो गई थी. पिछले टेस्ट में उसे जिम्बाब्वे के हाथों पारी और 85 रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था.
ये भी पढ़ें- 16 अगस्त, 16 मिनट और 16 रुपए: कानपुर में इस ऑफर ने मचा दी भगदड़, पुलिस को करनी पड़ी कार्रवाई
इस ऐतिहासिक जीत के बाद बांग्लादेश में जश्न मनाया गया. बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी फोन कर टीम को बधाई दी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




