Bharat Express DD Free Dish

भारत-साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज का फाइनल मुकाबला आज, क्या रोहित और विराट जीता पाएंगे सीरीज?

India vs South Africa ODI: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबरी पर है. आज विशाखापट्टनम में तीसरा और आखिरी वनडे खेला जाएगा. फैंस की उम्मीदें रोहित शर्मा और विराट कोहली पर टिकी हैं, जिन्होंने डिसाइडर मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है.

India vs South Africa ODI: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का रोमांच अब अपने चरम पर है. पहला मैच भारत ने जीता था जबकि दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की. अब सीरीज 1-1 से बराबरी पर है और आज यानी 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में तीसरा और आखिरी वनडे खेला जाएगा. यह मुकाबला सीरीज का डिसाइडर होगा. टीम इंडिया अपने घर में जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगी, वहीं अफ्रीका की नजर 10 साल बाद भारत में वनडे सीरीज जीतने पर होगी.

रोहित और विराट पर फैंस की उम्मीदें

ऐसे हाई-प्रेशर मैचों में भारतीय फैंस की नजरें हमेशा दो बड़े खिलाड़ियों हिटमैन रोहित शर्मा और चेज मास्टर विराट कोहली पर रहती हैं. रोहित शर्मा का रिकॉर्ड डिसाइडर मैचों में शानदार रहा है. उन्होंने अब तक 15 डिसाइडर वनडे पारियों में 791 रन बनाए हैं, औसत 52.73 का रहा है और उनका सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 209 रन है. इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं. यानी जब सीरीज दांव पर लगी हो, रोहित ने हमेशा टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया है.

विराट का दबदबा

विराट कोहली भी ऐसे मैचों में पीछे नहीं रहते. उन्होंने 14 डिसाइडर पारियों में 595 रन बनाए हैं और औसत 42.50 का रहा है. इसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं. उनकी सबसे बड़ी पारी 113 रन की रही है. खास बात यह है कि दबाव में रन चेज करना उनका पुराना शौक रहा है और इसी वजह से उन्हें चेज मास्टर कहा जाता है. इस सीरीज में विराट शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने 2 मैचों में दो शतक लगाए हैं और अब तक 237 रन बना चुके हैं. उनका औसत 118.50 का है और वह इकलौते बल्लेबाज हैं जिन्होंने सीरीज में 200 से ज्यादा रन बनाए हैं.

ये भी पढ़ें-कर्मचारियों के लिए राइट टू डिस्कनेक्ट से लेकर पेड मेन्स्ट्रुअल लीव तक… संसद में पेश हुए कई अहम प्राइवेट मेंबर बिल

सीरीज जीत की उम्मीद

रोहित ने भी 2 मैचों में 71 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है. ऐसे में भारतीय फैंस को उम्मीद है कि रोहित और विराट की जोड़ी आज सीरीज जीताने में अहम भूमिका निभाएगी. वहीं, साउथ अफ्रीका की टीम भी पूरी ताकत के साथ उतरेगी ताकि भारत में वनडे सीरीज जीत का सपना पूरा कर सके. यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद खास होने वाला है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read