Bharat Express DD Free Dish

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने मेसी को छोड़ा पीछे, फीफा वर्ल्ड कप में बनाया नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

Cristiano Ronaldo Break Record: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो गोल कर नया इतिहास रच दिया. 41 साल की उम्र में उन्होंने लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड तोड़ा है.

Cristiano Ronaldo in FIFA World Cup

Cristiano Ronaldo Break Record: पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने फीफा विश्व कप (FIFA World Cup 2026) में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. मंगलवार (23 जून) को उज्बेकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने दो शानदार गोल दागकर न सिर्फ अपनी टीम को बड़ी जीत दिलाई, बल्कि विश्व कप इतिहास में एक नया रिकॉर्ड भी स्थापित कर दिया.

पुर्तगाल ने 5-0 जीत दर्ज की

इस मुकाबले में पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराकर अपने अभियान को मजबूती दी. टीम की इस शानदार जीत के केंद्र में रोनाल्डो रहे, जिन्होंने अपने अनुभव और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम की डिफेंस लाइन को लगातार परेशान किया. उनके दो गोलों ने मैच का रुख पूरी तरह पुर्तगाल के पक्ष में मोड़ दिया.

मेसी को छोड़ा पीछे

41 वर्ष और 138 दिन की उम्र में रोनाल्डो फीफा वर्ल्ड कप के एक मैच में दो या उससे अधिक गोल करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी के नाम था. मेसी ने इसी विश्व कप में 38 वर्ष 363 दिन की उम्र में एक मुकाबले में दो गोल कर यह उपलब्धि हासिल की थी. अब रोनाल्डो ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए अपने करियर में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ दिया है.

इसके अलावा रोनाल्डो विश्व कप में गोल करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं. इस सूची में शीर्ष स्थान कैमरून के महान खिलाड़ी रोजर मिला के नाम दर्ज है, जिन्होंने 1994 विश्व कप में 42 वर्ष की उम्र में गोल किया था. हालांकि रोनाल्डो अभी उस रिकॉर्ड से कुछ दूरी पर हैं, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए वे भविष्य में और भी रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.


ये भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में नंबर 3 जर्सी मिली, रघु ने सौंपी तो छूए पैर


उज्बेकिस्तान के खिलाफ किए गए दो गोलों के साथ रोनाल्डो ने फीफा वर्ल्ड कपमें अपने कुल गोलों की संख्या 10 तक पहुंचा दी. इसके साथ ही उन्होंने पुर्तगाल के महान फुटबॉलर यूसेबियो को पीछे छोड़ दिया, जो लंबे समय तक देश के लिए विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे थे. अब यह रिकॉर्ड पूरी तरह रोनाल्डो के नाम दर्ज हो गया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest