Bharat Express DD Free Dish

IND vs NZ 3rd ODI: निर्णायक जंग से पहले महाकाल की शरण में पहुंचे गौतम गंभीर, मां बगलामुखी का लिया आशीर्वाद

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने इंदौर में होने वाले तीसरे वनडे से पहले उज्जैन में बाबा महाकाल और नलखेड़ा में मां बगलामुखी के दर्शन किए. सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, और रविवार को होलकर स्टेडियम के ‘बैटिंग पैराडाइज’ पर खिताबी जंग होगी.

Gautam Gambhir Visit Mahakal Ujjain

Gautam Gambhir Visit Mahakal Ujjain: भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर इन दिनों अपनी सधी हुई रणनीति के साथ-साथ अपनी भक्ति को लेकर भी चर्चा में हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले ‘करो या मरो’ वाले मुकाबले से पहले गंभीर बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे हैं. शुक्रवार तड़के उन्होंने उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में माथा टेका और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया.

गंभीर ने यहां की मशहूर भस्मारती में हिस्सा लिया, जिसे देखना अपने आप में एक दिव्य अनुभव माना जाता है. लेकिन उनकी यह आध्यात्मिक यात्रा यहीं नहीं रुकी. महाकाल के दर्शन के बाद वे सीधे नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी के दरबार में पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना की. मां बगलामुखी को शत्रुओं पर विजय दिलाने वाली देवी माना जाता है, ऐसे में क्रिकेट फैंस इसे रविवार को होने वाले निर्णायक मैच से जोड़कर देख रहे हैं. गंभीर ने यहाँ देश की सुख-शांति के साथ-साथ टीम इंडिया की सफलता की भी दुआ मांगी.

सीरीज का फैसला अब इंदौर के मैदान पर

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज इस वक्त बेहद रोमांचक मोड़ पर है. दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर खड़ी हैं और सीरीज की चमचमाती ट्रॉफी किसके हाथ लगेगी, इसका फैसला रविवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होगा. गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में टीम इंडिया का एक ही लक्ष्य है- न्यूजीलैंड को धूल चटाकर सीरीज 2-1 से अपने नाम करना.

इस सीरीज का सफर अब तक उतार-चढ़ाव भरा रहा है. पहले मैच में टीम इंडिया ने 4 विकेट से बाजी मारी थी, लेकिन कीवी टीम ने दूसरे मैच में जबरदस्त पलटवार करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की और सीरीज बराबर कर दी.

ये भी पढ़ें- Under 19 World Cup 2026: अभिज्ञान की शानदार पारी, हेनिल का पंजा! भारत ने अमेरिका को 6 विकेट से हराया

होलकर स्टेडियम में बल्लेबाजों की मौज

इंदौर का होलकर स्टेडियम अपनी छोटी बाउंड्री और ‘बैटिंग पैराडाइज’ पिच के लिए जाना जाता है. यहां रनों का अंबार लगना तय माना जा रहा है. क्रिकेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि यहाँ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना या बड़े स्कोर का पीछा करना, दोनों ही टीमों के लिए रोमांचक होगा. टीम इंडिया का इस मैदान पर पुराना रिकॉर्ड काफी दमदार रहा है, जिसे बरकरार रखने की जिम्मेदारी अब कप्तान और कोच पर होगी.

कौन किस पर भारी?

अगर इतिहास के पन्नों को पलटें, तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 122 वनडे मैच खेले जा चुके हैं. इसमें पलड़ा टीम इंडिया का ही भारी रहा है. भारत ने 63 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि न्यूजीलैंड 51 बार बाजी मारने में सफल रहा है. सात मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल सका.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read