Bharat Express DD Free Dish

‘मेरा कोई फेवरेट क्रिकेटर नहीं…’, हाथ में अंडर-19 की कमान आते ही क्या बोल गए यशवर्धन?

ग्वालियर के हुरावली निवासी और सिंधिया स्कूल के छात्र यशवर्धन सिंह चौहान का चयन अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम में हुआ है, जहां उन्हें कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है. श्रीलंका दौरे पर 3 वन-डे और 2 मल्टी-डे मैच खेलने जाने वाली इस टीम का कैंप 23 जून से शुरू होगा और पहला मैच 4 जुलाई को खेला जाएगा.

Gwalior Yashvardhan Singh Chauhan Named India U19 Captain

मध्य प्रदेश के ग्वालियर के हुरावली इलाके में रहने वाले होनहार युवा क्रिकेटर यशवर्धन सिंह चौहान को एक साथ दोहरी बड़ी सफलता मिली है. यशवर्धन का न सिर्फ अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम की 15 सदस्यीय टीम में चयन हुआ है, बल्कि उन्हें इस दौरे के लिए भारतीय टीम का कप्तान भी चुन लिया गया है. इस बड़ी कामयाबी की खबर जैसे ही शहर में फैली, यशवर्धन के घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया.

महानआर्यमन सिंधिया ने फोन पर दी बधाई

ऐतिहासिक सिंधिया स्कूल के छात्र यशवर्धन को कप्तान बनाए जाने की सबसे पहली खबर उनके स्कूल के कोच ने दी. इसके तुरंत बाद स्कूल के प्रिंसिपल और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महानआर्यमन सिंधिया ने भी यशवर्धन को फोन करके ढेरों शुभकामनाएं दीं. घर पर खुशी का ठिकाना नहीं है. मौके पर मां रीना चौहान ने अपने लाडले का मुंह मीठा कराकर बलैयां लीं. वहीं, व्यवसाई पिता अनामी चौहान, जो यश के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं, अपने बेटे की इस सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं.

6 साल की उम्र से देख रहे हैं टीम इंडिया का सपना

यशवर्धन महज 6-7 साल की उम्र से हाथ में बल्ला थामकर मैदान पर पसीना बहा रहे हैं. आज उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके माता-पिता के त्याग और कोच के विशेष मार्गदर्शन की बड़ी भूमिका है. दिलचस्प बात ये है कि आज के दौर के युवाओं की तरह यश का कोई एक ‘फेवरेट’ क्रिकेटर नहीं है, वे खेल की बारीकियों को सीखने में विश्वास रखते हैं. पूरे परिवार और शहर को उम्मीद है कि यशवर्धन जल्द ही सीनियर टीम इंडिया की नीली जर्सी में भी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे.

30 जून को श्रीलंका रवाना होगी टीम

BCCI द्वारा आज घोषित की गई ये भारतीय टीम श्रीलंका के दौरे पर जा रही है, जहां वह वन-डे और मल्टी-डे सीरीज खेलेगी. शेड्यूल के मुताबिक, चयनित टीम का विशेष ट्रेनिंग कैंप आगामी 23 जून से शुरू होने जा रहा है. इसके बाद 30 जून को पूरी टीम श्रीलंका के लिए उड़ान भरेगी. श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम तीन वन-डे और दो मल्टी-डे मैच खेलेगी, जिसमें सीरीज का पहला वन-डे मैच 4 जुलाई को खेला जाएगा.

ये भी पढ़ें: ‘एल्टीट्यूड जो भी हो, ऐटिट्यूड चेंज नहीं होना चाहिए…’, सचिन तेंदुलकर ने एरोप्लेन में खेला क्रिकेट, VIDEO हुआ वायरल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read