Bharat Express DD Free Dish

Ind vs Aus T20: सीनियर खिलाड़ियों की छुट्टी! ‘यंगिस्तान’ पर BCCI का भरोसा, 6 दिग्गजों को दिया आराम

भारत-ऑस्ट्रेलिया टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का नया चेहरा सामने आया है. BCCI ने सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर युवाओं पर भरोसा जताया है.

Ind vs Aus T20, Team India Squad

Ind vs Aus T20: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज खत्म हो चुकी है, जिसे मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से अपने नाम किया. लेकिन अब क्रिकेट फैंस के लिए असली रोमांच शुरू होने जा रहा है, क्योंकि दोनों देशों के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी.

इस सीरीज में भारतीय टीम की कमान संभालेंगे सूर्यकुमार यादव. दिलचस्प बात यह है कि इस बार स्क्वाड में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे, क्योंकि वनडे सीरीज खेलने वाले कई सीनियर खिलाड़ी इस टी-20 सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे.

सीनियर खिलाड़ियों को दिया गया आराम

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, मोहम्मद सिराज, श्रेयस अय्यर और प्रसिद्ध कृष्णा, ये छह बड़े नाम टी-20 सीरीज में नजर नहीं आएंगे. इनमें से रोहित शर्मा और विराट कोहली पहले ही टी-20 इंटरनेशनल फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर चुके हैं. वहीं, बाकी खिलाड़ियों को आराम दिया गया है ताकि नए चेहरों को मौके मिल सकें और टीम का बेंच स्ट्रेंथ मजबूत हो सके.

नई ऊर्जा के साथ उतरेगी टीम इंडिया

टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम एकदम फ्रेश लुक में दिखाई देगी. इस बार सूर्यकुमार यादव कप्तानी करेंगे, जबकि शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है. युवा खिलाड़ियों को भरपूर मौका देने की कोशिश की गई है. टीम में अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और नितीश रेड्डी जैसे उभरते सितारों को शामिल किया गया है, जो अपने प्रदर्शन से प्रभावित कर चुके हैं.

वहीं, टीम में ऑलराउंडर शिवम दुबे और अक्षर पटेल की मौजूदगी टीम को संतुलन देती है. विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी जितेश शर्मा और संजू सैमसन के कंधों पर होगी. गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और कुलदीप यादव जैसे नाम शामिल हैं, जो विरोधी टीम पर दबाव बनाने में सक्षम हैं.

ये भी पढ़ें- Rohit-Kohli ने ऑस्ट्रेलिया में दिखाया बल्ले का जादू, इस सीरीज के बाद तय होगा दोनों खिलाड़ियों का भविष्य

टीम इंडिया का पूरा स्क्वाड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read