AI IMAGE
IND vs ENG 2nd T20: 15 साल के ‘वंडर किड’ वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू तो ऐतिहासिक रहा, लेकिन टीम इंडिया के लिए इस मैच का अंत बेहद निराशाजनक रहा. मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हरा दिया. इस हार के साथ ही मेजबान इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 190 रनों का मजबूत स्कोर बनाया था, लेकिन जैकब बेथल की नाबाद 76 रनों की आतिशी पारी ने भारतीय गेंदबाजों के अरमानों पर पानी फेर दिया.
लंबा नहीं चला वैभव का डेब्यू
वैभव ने मैदान पर आते ही अपनी निडरता की झलक दिखाई. उन्होंने तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की गेंद पर एक लाजवाब व्हिप-स्कूप शॉट खेलकर छक्का जड़ा और फिर जोश टंग की गेंद को भी हवाई यात्रा पर भेजा.
हालांकि, उनकी यह पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी. वो 10 गेंदों में 14 रन बनाकर विल जैक्स की स्पिन पर गच्चा खा गए और जोस बटलर ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया.
वहीं, भारत की तरफ से इशान किशन ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 43 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 37 रनों का योगदान दिया. आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा ने महज 11 गेंदों में नाबाद 24 रन कूटकर भारत को 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. इंग्लैंड के लिए सैम करन ने 3 विकेट झटके.
जैकब बेथल का तूफान
191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. अर्शदीप सिंह ने कहर बरपाते हुए फिल साल्ट और जोस बटलर दोनों को शून्य पर ही पवेलियन भेज दिया. इसके बाद हैरी ब्रूक (39) और टॉम बैंटन (39) ने पारी को संभाला.
इसके बाद जैकब बेथल ने भारतीय स्पिनरों को निशाने पर लिया और महज 46 गेंदों में 5 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के जड़कर नाबाद 76 रन ठोक दिए. भारत की ओर से जहां अक्षर पटेल ने 4 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर 1 विकेट लिया, वहीं लेग स्पिनर रवि बिश्नोई बेहद महंगे साबित हुए और उन्होंने अपने 4 ओवर में 60 रन लुटा दिए. इंग्लैंड ने 19वें ओवर में ही 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
ये भी पढ़ें: क्रिकेट के लिए छोड़ दिया 10वीं का बोर्ड एग्जाम; जानिए कितने पढ़ें-लिखे है टीम इंडिया के ‘वंडर किड’ वैभव सूर्यवंशी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


