Bharat Express DD Free Dish

‘किंग’ कोहली तोड़ेंगे रिकॉर्ड या बरकरार रहेगा ‘हिटमैन’ का राज? आज के मैच में होगा फैसला

भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में होने वाला आखिरी वनडे मैच एक बेहद दिलचस्प रिकॉर्ड का गवाह बनने जा रहा है. इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाला विदेशी बल्लेबाज बनने की होड़ लगी है. जानिए क्या कहते हैं दोनों खिलाड़ियों के आंकड़े.

IND vs ENG: लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर जब भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी तो नजरें सिर्फ सीरीज के नतीजे पर नहीं बल्कि क्रिकेट जगत के दो महादिग्गजों के बीच होने वाली एक महाजंग पर भी टिकी होंगी. टीम इंडिया के कप्तान Rohit Sharma और किंग Virat Kohli के बीच इंग्लैंड की धरती पर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने की होड़ मची है. लॉर्ड्स का यह आखिरी वनडे तय करेगा कि इंग्लैंड में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला विदेशी बल्लेबाज कौन बनेगा. आइए देखते हैं इस दिलचस्प रेस का पूरा समीकरण क्या होने वाला है.

क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर 19 जुलाई को भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला खेला जाना है. यह मैच सीरीज के फैसले के साथ-साथ रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच नंबर-1 बनने की जंग का गवाह भी बनेगा. दोनों के बीच मुकाबला इस बात का है कि इंग्लैंड की सरजमीं पर सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाला विदेशी बल्लेबाज कौन कहलाएगा.

अगर आंकड़ों की बात करें तो इस समय इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले विदेशी बल्लेबाजों की लिस्ट में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा सबसे आगे हैं. साल 2017 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2019 के वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की पिचों पर तबाही मचाने वाले रोहित ने अब तक वहां 29 वनडे पारियों में कुल 1465 रन बनाए हैं, जिसमें उनके शानदार 7 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं.

दूसरी तरफ रन-मशीन विराट कोहली भी इस रेस में रोहित को कड़ी टक्कर दे रहे हैं. विराट ने इंग्लैंड की धरती पर भले ही केवल 1 शतक लगाया हो लेकिन उनकी कंसिस्टेंसी कमाल की रही है. उन्होंने अब तक वहां 35 वनडे पारियों में 13 अर्धशतकों की बदौलत 1419 रन बना लिए हैं. अब रोहित और उनके बीच का फासला बहुत कम रह गया है जिसे विराट एक अच्छी पारी खेलकर पार कर सकते हैं.

मौजूदा वनडे सीरीज की बात करें तो दोनों दिग्गजों का फॉर्म थोड़ा अलग रहा है. कप्तान रोहित शर्मा के लिए यह सीरीज अब तक कुछ खास नहीं रही है और उनके बल्ले से दो मैचों में सिर्फ 37 रन ही निकले हैं. वहीं विराट कोहली धीरे-धीरे अपनी पुरानी लय में लौटते दिख रहे हैं और उन्होंने इस सीरीज के दो मुकाबलों में 70 रन जोड़कर रोहित पर दबाव बना दिया है.

अब लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर यह देखना बेहद रोमांचक होगा कि क्या रोहित शर्मा अपनी बढ़त बनाए रखकर नंबर-1 की कुर्सी पर काबिज रहते हैं या फिर विराट कोहली बड़ी पारी खेलकर बाजी मार ले जाते हैं. रोहित का तजुर्बा और विराट की मौजूदा फॉर्म इस रेस को और भी दिलचस्प बना रही है. खैर, मैदान पर जीत चाहे जिसकी भी हो, इस जंग से असली फायदा तो टीम इंडिया को ही होने वाला है.

ये भी पढ़ें- जानिए कैसे जंतर-मंतर बना देश में आंदोलनों का मुख्य ‘अड्डा’ और क्यों हर बड़ा प्रदर्शन यहीं होता है

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read