Bharat Express DD Free Dish

IND vs SL Test: नंबर-3 फिक्स… नंबर-6 पर सरफराज या जुरेल, कौन खेलेगा? बॉलिंग कॉम्बिनेशन भी बना सिरदर्द

IND vs SL Test से पहले भारत की प्लेइंग 11 को लेकर बड़ा सवाल है. नंबर-6 पर सरफराज खान और ध्रुव जुरेल में मुकाबला है. जानें संभावित टीम और गेंदबाजी कॉम्बिनेशन.

IND vs SL Test

IND vs SL Test: भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है. मुकाबले से पहले भारतीय टीम की तैयारियां तेज हैं, लेकिन कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) और टीम मैनेजमेंट के सामने प्लेइंग-XI को लेकर कुछ अहम फैसले अभी बाकी हैं. सबसे ज्यादा चर्चा नंबर-6 की जगह को लेकर है, जहां सरफराज खान और ध्रुव जुरेल के बीच सीधी टक्कर दिखाई दे रही है. इसके अलावा बॉल‍िंग कॉम्ब‍िनेशन भी टीम के लिए बड़ा सवाल बना हुआ है.

पडिक्कल ने नंबर-3 की दावेदारी मजबूत की

साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद देवदत्त पडिक्कल को मौका मिला था. उन्होंने वॉर्म-अप मुकाबले में नाबाद 142 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी दावेदारी बेहद मजबूत कर दी है. ऐसे प्रदर्शन के बाद माना जा रहा है कि गॉल टेस्ट में नंबर-3 पर पडिक्कल को उतारा जा सकता है.

नंबर-6 के लिए बढ़ी मुश्किलें

अब असली उलझन नंबर-6 की है. ध्रुव जुरेल के पास टेस्ट क्रिकेट का अनुभव जरूर है. उन्होंने भारत के लिए 10 टेस्ट में 478 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है. विकेटकीपिंग के अलावा उनकी फील्डिंग भी टीम के लिए उपयोगी है. हालांकि, हालिया फॉर्म चिंता बढ़ाने वाला है. पिछली कुछ पारियों में वह 14, 13, 0 और 2 रन ही बना सके हैं. स्पिनर साइमन हार्मर ने उन्हें लगातार परेशान किया था, जबकि श्रीलंका के वॉर्म-अप मैच में भी वह सिर्फ 1 और 17 रन बना पाए.

सरफराज के आंकड़े दे रहे हैं मजबूत संकेत

दूसरी तरफ सरफराज खान का सबसे बड़ा प्लस पॉइंट उनका फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड है. 62 मैचों में उनके नाम 5,114 रन हैं और औसत 64.73 का है. उन्होंने 17 शतक भी लगाए हैं. स्पिन के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी को खास तौर पर मजबूत माना जाता है. यही वजह है कि गॉल की संभावित स्पिन मददगार पिच पर सरफराज को मौका देने की मांग तेज है. भारत के लिए वह अब तक 6 टेस्ट में 371 रन बना चुके हैं.


ये भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस छोड़ेंगे हार्दिक पंड्या? IPL ट्रेड को लेकर KKR और CSK में दिखी दिलचस्पी


गेंदबाजी में भी पेच बरकरार

मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का खेलना लगभग तय माना जा रहा है. सवाल यह है कि भारत तीसरे तेज गेंदबाज के साथ उतरेगा या एक अतिरिक्त स्पिनर को जगह देगा. गुरनूर बरार को तीसरे पेसर के तौर पर मौका मिलने की चर्चा है. अगर ऐसा हुआ तो रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव स्पिन विभाग संभाल सकते हैं.

गॉल की परिस्थितियों को देखते हुए टीम मैनेजमेंट के लिए यह आसान फैसला नहीं होगा. WTC की रेस में भारत के लिए यह सीरीज अहम है, इसलिए पहले टेस्ट की प्लेइंग-XI आगे की रणनीति का संकेत भी दे सकती है. भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल में और दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में खेला जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read