Bharat Express DD Free Dish

U19 World Cup 2026: वैभव का ‘विराट’ अवतार! वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़ा इंग्लैंड, भारत छठी बार बना वर्ल्ड चैंपियन

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम किया है.

U19 World Cup 2026: अंडर-19 क्रिकेट की दुनिया में टीम इंडिया का दबदबा एक बार फिर साबित हो गया है. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से धूल चटाकर रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस ऐतिहासिक जीत के नायक रहे युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से इंग्लिश गेंदबाजों के धागे खोल दिए.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भले ही थोड़ी धीमी रही और आरोन जॉर्ज (9 रन) जल्दी पवेलियन लौट गए, लेकिन उसके बाद जो हुआ उसने इतिहास रच दिया. वैभव सूर्यवंशी ने मैदान के चारों तरफ छक्कों की ऐसी बारिश की कि अंग्रेज खिलाड़ी सिर्फ गेंद को बाउंड्री के पार जाते देखते रह गए.

वैभव ने महज 55 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और फिर देखते ही देखते 150 का आंकड़ा पार कर लिया. जब वो आउट हुए, तब उनके नाम 80 गेंदों में 175 रन दर्ज थे, जिसमें 15 गगनचुंबी छक्के और 15 करारे चौके शामिल थे. कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी 53 रनों की कप्तानी पारी खेलकर वैभव का बखूबी साथ निभाया. अंत में अभिज्ञान कुंडू (40) और कनिष्क चौहान (37) के उपयोगी योगदान की मदद से भारत ने स्कोरबोर्ड पर 411 रनों का हिमालय जैसा लक्ष्य टांग दिया.

इंग्लैंड की चुनौती और भारतीय गेंदबाजों का पलटवार

412 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम दबाव में बिखरती नजर आई. जोसेफ मूर्स सस्ते में निपट गए, हालांकि बेन डॉकिन्स (66) और बेन मेस (45) ने बीच में कुछ संघर्ष जरूर दिखाया, लेकिन खिलान पटेल और आयुष म्हात्रे ने अहम मौकों पर विकेट निकालकर इंग्लैंड की कमर तोड़ दी.

एक वक्त पर इंग्लैंड ने 177 रनों पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे. वहां से कालेब फाल्कनर और जेम्स मिंटो ने 92 रनों की साझेदारी कर थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन आरएस अम्बरीष ने अपनी धारदार गेंदबाजी से इस जोड़ी को तोड़कर भारत की जीत पक्की कर दी. पूरी इंग्लिश टीम 40.2 ओवरों में 311 रनों पर ढेर हो गई.

यह भारत का लगातार छठा और कुल 10वां फाइनल था. इस जीत के साथ ही भारत ने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 के बाद अब 2026 में भी विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया है. जहां एक तरफ भारत के पास अब 6 ट्रॉफियां हैं, वहीं इंग्लैंड की टीम आज भी 1998 की इकलौती जीत के सहारे बैठी है.

ये भी पढ़ें: सूर्यवंशी के फायर शो के बाद गेंदबाजों का जलवा, 4 साल बाद फिर वर्ल्ड चैंपियन बनने की दहलीज पर खड़ा भारत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read